नाबालिग से छेड़छाड़ के मामले में फरार आरोपी गिरफ्तार, फतेहाबाद-डौकी पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
आगरा। नाबालिग किशोरी के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को फतेहाबाद और डौकी पुलिस की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर नाबालिग को बहला-फुसलाकर गाड़ी में बैठाने और उसके साथ आपत्तिजनक हरकत करने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, तीन मई 2026 को रामजी लाल ने थाना फतेहाबाद में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया था कि एक मई को दोपहर करीब एक बजे उनकी नाबालिग बेटी को आरोपी रामसेवक और शंकर वर्मा बहला-फुसलाकर गाड़ी में बैठाकर ले गए थे। शिकायत के मुताबिक, गाड़ी में किशोरी के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकत की गई।
मामले में थाना फतेहाबाद पर मुकदमा संख्या 116/2026 धारा 74 और 351(3) बीएनएस तथा धारा 7/8 पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज किया गया था। घटना के बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
14 सितंबर को फतेहाबाद और डौकी पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र में चेकिंग और तलाश कर रही थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमे में वांछित आरोपी उमाशंकर पुत्र थान सिंह, निवासी ग्राम हरिसिंह का पुरा, थाना पिनाहट, कमिश्नरेट आगरा को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी का चिकित्सकीय परीक्षण कराने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का पूर्व आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।