रसिया गायक रिंकू रजवाड़ा की सड़क हादसे में मौत, मथुरा के बलदेव में हुआ हादसा - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 9 सितंबर 2026

रसिया गायक रिंकू रजवाड़ा की सड़क हादसे में मौत, मथुरा के बलदेव में हुआ हादसा

रसिया गायक रिंकू रजवाड़ा की सड़क हादसे में मौत, मथुरा के बलदेव में हुआ हादसा

मथुरा/आगरा। आगरा के प्रसिद्ध रसिया गायक रिंकू रजवाड़ा की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसा मथुरा के बलदेव थाना क्षेत्र स्थित कंजौली घाट उत्तरी बाईपास पर हुआ। पुलिस के अनुसार, अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक, आगरा के मिढ़ाकुर निवासी करीब 31 वर्षीय रिंकू रजवाड़ा बाइक से बरौली से फरह की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कंजौली घाट उत्तरी बाईपास पर अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रिंकू गंभीर रूप से घायल हो गए और घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

सूचना मिलने पर बलदेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मथुरा भेज दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना की जानकारी दी है।

रिंकू रजवाड़ा रसिया गायन के साथ-साथ भजन संध्या और धार्मिक कार्यक्रमों में भी प्रस्तुति देते थे। वह हाथरस निवासी करण शर्मा की पार्टी से जुड़े हुए थे और विभिन्न स्थानों पर भजन संध्या व अन्य धार्मिक आयोजनों में अपनी कला का प्रदर्शन करते थे।

रिंकू शादीशुदा थे और उनके चार बच्चे हैं। उनकी अचानक हुई मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। वहीं रसिया गायन और भजन कार्यक्रमों से जुड़े कलाकारों व परिचितों में भी शोक की लहर है।

पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है। हादसे की जांच के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।

video

Pages