मेट्रो निर्माण के दौरान महिला पर गिरा मलबा, परिवार के तीन सदस्य बाल-बाल बचे - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 21 सितंबर 2026

मेट्रो निर्माण के दौरान महिला पर गिरा मलबा, परिवार के तीन सदस्य बाल-बाल बचे

मेट्रो निर्माण के दौरान महिला पर गिरा मलबा, परिवार के तीन सदस्य बाल-बाल बचे

अल्लाह बख्श चौराहे पर हादसे से मची अफरातफरी, सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल; सदर थाने में मुकदमा दर्ज

आगरा। सदर क्षेत्र में मेट्रो निर्माण कार्य के दौरान सोमवार को बड़ा हादसा हो गया। पिलर निर्माण के दौरान ऊपर से गिरा मलबा सड़क से गुजर रही महिला के ऊपर जा गिरा। हादसे में महिला घायल हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद बेटा, बेटी और नाती बाल-बाल बच गए। अचानक मलबा गिरने से मौके पर अफरातफरी मच गई।

कमल विहार निवासी सीमा अपने बेटे, बेटी और नाती के साथ अल्लाह बख्श चौराहे से गुजर रही थीं। इसी दौरान मेट्रो के पिलर का निर्माण कार्य चल रहा था। आरोप है कि निर्माण कार्य में लगे कर्मचारियों की ओर से ऊपर से मलबा नीचे गिराया गया, जिसकी चपेट में सीमा आ गईं। मलबा सीधे उनके ऊपर गिरने से उन्हें चोट आई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए।

हादसे के बाद सीमा ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। उनका आरोप है कि मौके पर कोई सुरक्षा कर्मी तैनात नहीं था। निर्माण कार्य वाली जगह पर बैरिकेडिंग भी नहीं की गई थी और नीचे से गुजर रहे लोगों की आवाजाही को रोकने के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं थी। परिवार का कहना है कि यदि मलबा अन्य सदस्यों के ऊपर गिर जाता तो हादसा और गंभीर हो सकता था।

घटना के बाद परिवार के लोग दहशत में हैं। सीमा ने मामले को लेकर सदर थाने में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी। एसीपी अमीशा ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। निर्माण कार्य के दौरान हुई लापरवाही की जांच की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों के साथ ही मौके पर सुरक्षा इंतजामों की भी जांच कर रही है।

video

Pages