आगरा में अब सिर्फ एक रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन, जरूरतमंदों के लिए नीलांचल सेवा ट्रस्ट की पहल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 21 सितंबर 2026

आगरा में अब सिर्फ एक रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन, जरूरतमंदों के लिए नीलांचल सेवा ट्रस्ट की पहल

आगरा में अब सिर्फ एक रुपये में मिलेगा भरपेट भोजन, जरूरतमंदों के लिए नीलांचल सेवा ट्रस्ट की पहल

राजा की मंडी रेलवे स्टेशन स्थित चामुंडा देवी मंदिर पर शुरू हुई सेवा, रोज सुबह 11 से दोपहर 1 बजे तक मिलेगा भोजन

आगरा। आर्थिक तंगी के चलते कोई जरूरतमंद भूखा न रहे और भोजन लेने वाले व्यक्ति के सम्मान का भी ध्यान रखा जाए, इसी उद्देश्य से नीलांचल सेवा ट्रस्ट ने आगरा में महज एक रुपये में भरपेट भोजन उपलब्ध कराने की पहल शुरू की है। सेवा का शुभारंभ राजा की मंडी रेलवे स्टेशन स्थित चामुंडा देवी मंदिर परिसर में किया गया। यहां प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर एक बजे तक जरूरतमंदों को भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाएगा।

ट्रस्ट के संस्थापक प्रेम कुमार ने बताया कि भोजन की कीमत सिर्फ एक रुपया रखने का उद्देश्य जरूरतमंद लोगों के आत्मसम्मान को बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि संस्था का प्रयास है कि आर्थिक रूप से कमजोर, अभावग्रस्त और जरूरतमंद लोगों तक सम्मान के साथ भोजन पहुंचाया जाए, ताकि कोई व्यक्ति आर्थिक परेशानी के कारण भोजन से वंचित न रहे।

सेवा का उद्घाटन मुख्य अतिथि विजय शिवहरे, एमएलसी आगरा-फिरोजाबाद एवं प्रदेश मंत्री भाजपा, उत्तर प्रदेश ने किया। उन्होंने नीलांचल सेवा ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए संस्था को शुभकामनाएं दीं और समाज के सक्षम लोगों से ऐसे सेवा कार्यों में सहयोग के लिए आगे आने का आह्वान किया। उद्घाटन अवसर पर जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित कर सेवा अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई।

ट्रस्ट की ओर से बताया गया कि एक रुपये में भोजन उपलब्ध कराने की यह व्यवस्था पहले से धाकरान चौराहा, सुभाष पार्क, कलेक्ट्रेट के बाहर, भावना टावर और कोठी मीना बाजार में भी संचालित की जा रही है। अब राजा की मंडी क्षेत्र में भी नियमित रूप से यह सेवा उपलब्ध होगी।

ट्रस्ट पदाधिकारियों ने बताया कि सेवा को नियमित रूप से जारी रखा जाएगा और जरूरत के अनुसार भविष्य में इसका विस्तार करने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने जरूरतमंदों के लिए शुरू की गई इस पहल की सराहना की और समाज के सक्षम लोगों से सेवा अभियान में सहयोग करने की अपील की।

इस अवसर पर नीलांचल सेवा ट्रस्ट के संस्थापक प्रेम कुमार, आकाश अग्रवाल, हर्ष गुप्ता, पार्षद शरद चौहान, विक्रांत कुशवाहा, डॉ. अमित सिंह पटेल, संजू यादव, लालतेश चौधरी, सचिन यादव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

video

Pages