सूरसदन में आज लगेगा रोजगार मेला, चयनित अभ्यर्थियों को मिलेंगे नियुक्ति पत्र
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली करेंगे संबोधित, सूरसदन में होगा सीधा प्रसारण; रोजगार मेले का 20वां चरण
आगरा। युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार 19 सितंबर को आगरा के सूरसदन प्रेक्षागृह में रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। भारत सरकार के प्रधानमंत्री कार्यालय के तत्वावधान में आयोजित होने वाले रोजगार मेले के 20वें चरण में विभिन्न पदों के लिए चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
प्रधान आयकर आयुक्त, आगरा डॉ. संजय कुमार लाल ने बताया कि कार्यक्रम सुबह 11 बजे सूरसदन प्रेक्षागृह में शुरू होगा। कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी प्रधान आयकर आयुक्त, आगरा कार्यालय को सौंपी गई है। रोजगार मेले में मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य नागरिक, चयनित अभ्यर्थी और उनके परिवार के सदस्य शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि रोजगार मेला केंद्र सरकार की फ्लैगशिप पहल का हिस्सा है। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के साथ रोजगार सृजन के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को सामने रखना है। कार्यक्रम के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे।
रोजगार मेले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रतिभागियों को वर्चुअल माध्यम से संबोधित करेंगे। उनके संबोधन का सूरसदन ऑडिटोरियम में सीधा प्रसारण किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।