चलती ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसा यात्री, QRT-जीआरपी ने साहस दिखाकर बचाई जान
आगरा कैंट पर साबरमती एक्सप्रेस में चढ़ते समय हुआ हादसा, जवानों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
आगरा। आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पर मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब चलती ट्रेन में चढ़ने के प्रयास में एक यात्री का पैर ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गया। यात्री ट्रेन की चपेट में आने के बाद रेलवे ट्रैक की ओर जाने लगा। हादसा होते ही प्लेटफार्म पर तैनात क्यूआरटी (QRT) टीम और जीआरपी पुलिसकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और अपनी जान जोखिम में डालकर यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जवानों की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
घटना मंगलवार सुबह करीब 10 बजे प्लेटफार्म नंबर पांच की है। बताया गया कि साबरमती एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 12547) आगरा कैंट से प्रस्थान कर रही थी। यात्री आगरा कैंट से पालनपुर की यात्रा के लिए ट्रेन पकड़ने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान चलती ट्रेन में चढ़ते समय उसका पैर फिसलकर ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंस गया।
यात्री के ट्रेन और प्लेटफार्म के बीच फंसते ही वह घिसटते हुए ट्रैक की तरफ जाने लगा। स्थिति बेहद गंभीर थी। प्लेटफार्म ड्यूटी पर तैनात क्यूआरटी टीम और जीआरपी के जवानों की नजर जैसे ही यात्री पर पड़ी, उन्होंने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान शुरू कर दिया।
जान की परवाह किए बिना जोखिम उठाया
क्यूआरटी और जीआरपी के जवानों ने सूझबूझ और साहस का परिचय देते हुए जोखिम उठाया और यात्री को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाल लिया। कुछ ही क्षणों की देरी यात्री के लिए जानलेवा साबित हो सकती थी, लेकिन जवानों की त्वरित कार्रवाई से उसकी जान बच गई।
हादसे के बाद यात्री को तत्काल रेलवे चिकित्सक के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसकी जांच कर प्राथमिक उपचार दिया। समय रहते किए गए रेस्क्यू के चलते एक बड़ा रेल हादसा टल गया।
चलती ट्रेन में चढ़ना-उतरना जानलेवा
रेल प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास बिल्कुल न करें। ट्रेन पकड़ने की जल्दबाजी में इस तरह का प्रयास जान जोखिम में डाल सकता है। यात्रियों से निर्धारित सुरक्षा नियमों और रेलवे के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।
क्यूआरटी और जीआरपी की त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया कि संकट की घड़ी में कुछ सेकंड की तत्परता किसी की जिंदगी बचा सकती है।