आगरा में 1232 चयनित होमगार्ड अभ्यर्थियों की चिकित्सा परीक्षा 12 अक्टूबर से
पुलिस लाइन में होगी मेडिकल जांच, 10 और 11 अक्टूबर को जिला होमगार्ड कार्यालय से मिलेंगे बुलावा पत्र; हेल्पलाइन नंबर भी जारी
आगरा:- होमगार्ड स्वयंसेवकों के पद पर एनरोलमेंट-2025 के तहत चयनित अभ्यर्थियों की अगली प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। आगरा जनपद के चयनित 1232 पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों की चिकित्सा परीक्षा 12 अक्टूबर से पुलिस लाइन आगरा में शुरू होगी। चिकित्सा परीक्षण की प्रक्रिया 27 अक्टूबर तक चलेगी। प्रतिदिन 100 अभ्यर्थियों को बुलाया जाएगा और मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा गठित मेडिकल बोर्ड अभ्यर्थियों की जांच करेगा।
जिला कमांडेंट होमगार्ड राहुल कुमार ने बताया कि उत्तर प्रदेश शासन के होमगार्ड विभाग के शासनादेश के क्रम में प्रदेश के 75 जनपदों के लिए कुल 41,424 अभ्यर्थियों की जनपदवार चयन सूची प्राप्त हुई है। इसमें आगरा से 1232 पुरुष एवं महिला अभ्यर्थियों का चयन हुआ है। चयनित अभ्यर्थियों की चिकित्सा परीक्षा के साथ चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पूरी की जाएगी।
पहले पुरुष, फिर महिला अभ्यर्थियों की होगी जांच
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पुरुष अभ्यर्थियों की चिकित्सा परीक्षा 12 अक्टूबर से 22 अक्टूबर तक होगी। इसके बाद महिला अभ्यर्थियों का मेडिकल 23 अक्टूबर से 25 अक्टूबर तक कराया जाएगा। चिकित्सा परीक्षा प्रतिदिन सुबह 9 बजे से पुलिस लाइन आगरा में शुरू होगी।
चिकित्सा परीक्षा स्थल पर केवल उन्हीं अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा, जिनके पास उस दिन की चिकित्सा परीक्षा के लिए जिला कमांडेंट होमगार्ड द्वारा जारी किया गया बुलावा पत्र होगा।
10 और 11 अक्टूबर को मिलेंगे बुलावा पत्र
चयनित अभ्यर्थियों को बुलावा पत्र व्हाट्सएप और ई-मेल के माध्यम से भी भेजे जा रहे हैं। इसके अलावा बुलावा पत्र की हार्ड कॉपी 10 और 11 अक्टूबर को सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक ग्राम बुढ़ाना स्थित जिला होमगार्ड कार्यालय आगरा से वितरित की जाएगी।
अभ्यर्थियों को चिकित्सा परीक्षण के समय बुलावा पत्र में उल्लिखित सभी मूल अभिलेखों के साथ उनकी प्रमाणित छायाप्रतियां भी साथ लानी होंगी। बिना बुलावा पत्र के चिकित्सा परीक्षा स्थल पर प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
मेडिकल परिणाम उसी दिन, असंतुष्ट अभ्यर्थी कर सकेंगे अपील
चिकित्सा परीक्षण में अभ्यर्थी के उपयुक्त या अनुपयुक्त होने का परिणाम उसी दिन घोषित किया जाएगा। परिणाम पुलिस लाइन के नोटिस बोर्ड पर भी चस्पा किया जाएगा। चिकित्सा परीक्षा में अनुपयुक्त घोषित किए गए अभ्यर्थी निर्धारित प्रारूप में उसी दिन जनपद के नोडल अधिकारी के समक्ष अपील प्रस्तुत कर सकेंगे।
पुलिस लाइन में बना सहायता केंद्र, हेल्पलाइन नंबर जारी
चयनित अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए पुलिस लाइन आगरा में सहायता केंद्र/हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। चिकित्सा परीक्षा या प्रक्रिया से संबंधित किसी समस्या के समाधान के लिए अभ्यर्थी हेल्पलाइन नंबर 08005194011 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा cmdhgag-up@nic.in ई-मेल के माध्यम से भी अपनी समस्या भेजी जा सकती है।
जिला कमांडेंट होमगार्ड की ओर से चयनित अभ्यर्थियों से अपील की गई है कि वे अपने निर्धारित दिन और समय पर बुलावा पत्र तथा सभी आवश्यक मूल अभिलेख एवं प्रमाणित प्रतियां लेकर पुलिस लाइन पहुंचें, ताकि चिकित्सा परीक्षा की प्रक्रिया निर्धारित समय पर पूरी की जा सके।