17 एवं 24 अक्टूबर को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु विशेष अभियान, सभी मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026

17 एवं 24 अक्टूबर को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु विशेष अभियान, सभी मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ

17 एवं 24 अक्टूबर को मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने हेतु विशेष अभियान, सभी मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहेंगे बीएलओ

प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं एवं मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों के पंजीकरण पर रहेगा विशेष जोर

आगरा:-अपर जिलाधिकारी (नगर)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी यमुनाधर चौहान ने अवगत कराया है कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के समस्त विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों में पंजीकरण से छूटे पात्र नागरिकों एवं प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम सम्मिलित किए जाने हेतु विशेष अभियान चलाया जाएगा। 
इसके अंतर्गत 17 अक्टूबर 2026 (शनिवार) एवं 24 अक्टूबर 2026 (शनिवार) को विशेष कैंप दिवस आयोजित किए जाएंगे। उक्त दोनों तिथियों को जनपद के सभी मतदेय स्थलों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) प्रातः 10:00 बजे से सायं 4:00 बजे तक उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने संबंधी दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे। उन्होंने बताया कि ऐसे पात्र नागरिक, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, विशेषकर प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवा, अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर पंजीकरण हेतु आवेदन कर सकते हैं। मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने के लिए निर्धारित प्रारूप-6 भरकर नवीनतम रंगीन फोटो तथा जन्मतिथि एवं निवास से संबंधित अभिलेखों की स्वप्रमाणित छायाप्रतियों सहित आवेदन जमा किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त, मृतक अथवा अपात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची से हटवाने के लिए प्रारूप-7 तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरण में संशोधन कराने के लिए प्रारूप-8 भरकर आवश्यक अभिलेखों सहित आवेदन किया जा सकता है।
 अपर जिलाधिकारी (नगर)/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान में सहयोग प्रदान करते हुए पात्र एवं छूटे हुए मतदाताओं के नाम निर्वाचक नामावली में सम्मिलित कराने के लिए लोगों को जागरूक करें। साथ ही, संबंधित अधिकारियों को निर्धारित तिथियों पर सभी मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति सुनिश्चित कराने तथा अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जनपद के सभी पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे 17 एवं 24 अक्टूबर को अपने संबंधित मतदेय स्थल पर पहुंचकर मतदाता सूची में नाम सम्मिलित कराने अथवा आवश्यक संशोधन की प्रक्रिया पूर्ण कराएं, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।
----------------------------

video

Pages