आगरा:-थाना हरीपर्वत क्षेत्र के मदिया कटरा में चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक्स कारोबारी के गोदाम को निशाना बनाकर लाखों रुपये का सामान पार कर दिया। चोर गोदाम से एसी, फ्रिज, टीवी समेत करीब 23-24 इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चोरी कर ले गए। घटना की जानकारी स्टॉक मिलान के दौरान हुई। कारोबारी की तहरीर पर थाना हरीपर्वत पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कारोबारी के मुताबिक बिल्लोचपुरा में उसकी दुकान है और दुकान के पास ही उसने इलेक्ट्रॉनिक सामान रखने के लिए किराये पर गोदाम ले रखा है। गोदाम में अलग-अलग कंपनियों के एसी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण रखे हुए थे। स्टॉक का मिलान करने पर कई सामान गायब मिले। कारोबारी ने जब गोदाम की जांच की तो पीछे लगे शटरों में छेड़छाड़ के निशान मिले।जांच में सामने आया कि चोरों ने शटर के ताले तोड़ दिए थे और बाहर से चोरी का पता न चले, इसके लिए अपने ताले लगा दिए। इससे आशंका जताई जा रही है कि चोरों ने गोदाम से माल एक साथ नहीं बल्कि अलग-अलग दिनों में निकाला। चोरी किए गए सामान में करीब 23-24 एसी के अलावा फ्रिज, टीवी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण शामिल बताए गए हैं।
घटना की सूचना मिलने के बाद थाना हरीपर्वत पुलिस ने कारोबारी की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही चोरों की पहचान और चोरी गए सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि गोदाम की गतिविधियों की जानकारी चोरों को कैसे मिली और वारदात को कितने समय में अंजाम दिया गया।