23 अक्टूबर को एमएलसी चुनाव: एक दिन पहले मंडी समिति पहुंचेंगी पोलिंग पार्टियां - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 18 अक्टूबर 2026

23 अक्टूबर को एमएलसी चुनाव: एक दिन पहले मंडी समिति पहुंचेंगी पोलिंग पार्टियां

23 अक्टूबर को एमएलसी चुनाव: एक दिन पहले मंडी समिति पहुंचेंगी पोलिंग पार्टियां


डीएम मनीष बंसल ने दिए सख्त निर्देश—निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं, सूरसदन में मतदान प्रक्रिया का दूसरा प्रशिक्षण

आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मतदान से एक दिन पहले यानी 22 अक्टूबर को सभी पोलिंग पार्टियां टूंडला रोड स्थित मंडी समिति पहुंचेंगी। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने निर्वाचन कार्य से जुड़े सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चुनावी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

शनिवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में पीठासीन अधिकारियों, प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय मतदान अधिकारियों का मतदान प्रक्रिया से संबंधित दूसरा प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर्स ने मतदान प्रक्रिया, मतदान कार्मिकों की जिम्मेदारियों, निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा एवं रखरखाव तथा मतदान समाप्त होने के बाद निर्वाचन सामग्री जमा कराने की निर्धारित प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी।

मतपत्र और मतपेटिका से होगा मतदान

डीएम मनीष बंसल ने कहा कि विधान परिषद शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की प्रक्रिया सामान्य लोकसभा और विधानसभा चुनाव से अलग होती है। इसमें ईवीएम के स्थान पर मतपत्र और मतपेटिका का इस्तेमाल किया जाता है। इसलिए सभी मतदान कार्मिक मतदान प्रक्रिया की प्रत्येक बारीकी को अच्छी तरह समझें और भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरश: पालन करें।

उन्होंने निर्वाचन सामग्री की सुरक्षा को लेकर भी कड़े निर्देश दिए। कहा कि चुनाव के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली प्रत्येक सामग्री बेहद महत्वपूर्ण और संवेदनशील है। सामग्री प्राप्त करने से लेकर उसे निर्धारित स्थल पर जमा कराने तक पूरी सतर्कता बरती जाए। किसी सामग्री के गुम होने, लापरवाही से रखने या निर्धारित प्रक्रिया का पालन न करने की स्थिति में संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

22 अक्टूबर सुबह 10:30 बजे तक मंडी समिति पहुंचेंगी पोलिंग पार्टियां

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पोलिंग पार्टियां 22 अक्टूबर 2026 को सुबह 10:30 बजे तक टूंडला रोड स्थित मंडी समिति में निर्धारित निर्वाचन सामग्री के साथ अनिवार्य रूप से पहुंच जाएं। मतदान कार्मिक सामग्री प्राप्त करने के बाद सूची के अनुसार प्रत्येक वस्तु का मिलान करेंगे। अतिरिक्त एवं गोपनीय सामग्री को भी पूरी सुरक्षा के साथ रखा जाएगा।

उन्होंने कहा कि किसी सामग्री की कमी या किसी प्रकार की समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारी को तत्काल सूचना देकर उसका समाधान कराया जाए। निर्धारित समय पर पहुंचना, सामग्री का मिलान करना और सभी चुनावी व्यवस्थाएं समय से पूरी करना प्रत्येक मतदान कार्मिक की जिम्मेदारी है।

मतदान के बाद भी बरतनी होगी पूरी सावधानी

23 अक्टूबर को मतदान समाप्त होने के बाद पीठासीन अधिकारी और मतदान अधिकारी अपने-अपने बैलेट बॉक्स, प्रयुक्त एवं अप्रयुक्त निर्वाचन सामग्री तथा निर्वाचन से संबंधित सभी अभिलेख निर्धारित स्थल पर जमा करेंगे। सामग्री जमा करने से पहले निर्धारित सूची के अनुसार सभी सामान का मिलान करना होगा। किसी भी प्रकार की कमी या विसंगति मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को जानकारी देनी होगी।

प्रशिक्षण में मतदाता की पहचान का सत्यापन, मतदाता सूची के आधार पर पात्रता की पुष्टि, मतपत्र जारी करने, मतपत्र पर निर्धारित तरीके से वरीयता अंकित कराने तथा मतपेटिका तैयार करने और सील करने की प्रक्रिया का भी प्रशिक्षण दिया गया।

सुबह आठ बजे से शुरू होगा मतदान

अपर जिलाधिकारी नगर यमुनाधर चौहान ने बताया कि आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 23 अक्टूबर 2026 को सुबह आठ बजे से मतदान शुरू होगा। मतदान के लिए मतदाता को फोटो पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। फोटो पहचान पत्र उपलब्ध न होने की स्थिति में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों के माध्यम से पहचान स्थापित की जा सकेगी।

इनमें आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, भारतीय पासपोर्ट, सरकारी या सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा जारी सेवा पहचान-पत्र, सांसदों, विधायकों एवं पार्षदों को जारी सरकारी पहचान-पत्र, संबंधित शैक्षिक संस्थान का सेवा पहचान-पत्र, विश्वविद्यालय द्वारा जारी डिग्री या डिप्लोमा का मूल प्रमाण-पत्र, सक्षम प्राधिकारी द्वारा जारी दिव्यांगता प्रमाण-पत्र तथा यूडीआईडी कार्ड शामिल हैं।

प्रशासन ने मतदान को लेकर सभी तैयारियों को समय से पूरा करने और निर्वाचन प्रक्रिया को निर्धारित नियमों के अनुसार शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान कार्मिकों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं।

video

Pages