27 अक्टूबर को होगी मतगणना, तीन पालियों में होगी मतगणना प्रक्रिया; 25 अक्टूबर को कार्मिकों की दूसरी ट्रेनिंग
आगरा। विधान परिषद आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 की मतगणना को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को सूरसदन प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष बंसल की अध्यक्षता में मतगणना कार्मिकों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में 570 मतगणना पर्यवेक्षक, मतगणना सहायक और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों को मतगणना की प्रक्रिया और निर्वाचन संबंधी सावधानियों की जानकारी दी गई।प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने मतपेटियों को खोलने की प्रक्रिया, मतपत्रों की संवीक्षा, वैध एवं अवैध मतों की पहचान, प्रथम और द्वितीय वरीयता के मतों की गणना तथा अंतरित किए जाने वाले मतों के मूल्य सहित मतगणना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी दी। पीपीटी प्रेजेंटेशन के साथ डेमो के माध्यम से भी कार्मिकों को मतगणना की पूरी प्रक्रिया समझाई गई।प्रशासन के अनुसार मतगणना 27 अक्टूबर को तीन पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह सात बजे से दोपहर तीन बजे तक, दूसरी पाली दोपहर तीन बजे से रात 11 बजे तक और तीसरी पाली रात 11 बजे से अगले दिन सुबह सात बजे तक चलेगी। मतगणना कार्मिकों को अपना मतगणना पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य किया गया है।मतगणना के लिए स्नातक और शिक्षक निर्वाचन के लिए 14-14 टेबल लगाई जाएंगी, जबकि पांच टेबल रिजर्व रहेंगी। मतगणना कार्मिकों की दूसरी ट्रेनिंग 25 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। अधिकारियों ने कार्मिकों से प्रशिक्षण के दौरान दी गई जानकारी और निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करने को कहा।गौरतलब है कि आगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक विधान परिषद निर्वाचन-2026 के मतदान दिवस 23 अक्टूबर को मतदाताओं के लिए जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा विशेष आकस्मिक अवकाश अनुमन्य किया गया है।
निर्वाचन संबंधी शिकायतों के लिए कंट्रोल रूमआगरा खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 से संबंधित शिकायतों और सुझावों के त्वरित निस्तारण के लिए निर्वाचन नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष नागरिक सुरक्षा कार्यालय, कलेक्ट्रेट आगरा में बनाया गया है।अपर जिलाधिकारी प्रोटोकॉल एवं नोडल अधिकारी शिकायत निस्तारण नियंत्रण कक्ष अमरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि निर्वाचन संबंधी शिकायत या सुझाव के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 9997012900, 7906300290 तथा पीएनटी नंबर 0562-2260550 पर संपर्क किया जा सकता है। प्राप्त शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा।प्रशिक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, जिला विकास अधिकारी भावना यादव सहित संबंधित अधिकारी और निर्वाचन कार्य में लगाए गए कार्मिक मौजूद रहे।