तीन बूथों पर पुनर्मतदान खत्म, मंगलवार सुबह 8 बजे से एमएलसी चुनाव की मतगणना - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 27 अक्टूबर 2026

तीन बूथों पर पुनर्मतदान खत्म, मंगलवार सुबह 8 बजे से एमएलसी चुनाव की मतगणना

तीन बूथों पर पुनर्मतदान खत्म, मंगलवार सुबह 8 बजे से एमएलसी चुनाव की मतगणना

स्नातक-शिक्षक सीट पर 25 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला, 14-14 टेबलों पर होगी मतगणना

आगरा। आगरा खंड विधान परिषद (एमएलसी) की स्नातक और शिक्षक निर्वाचन सीटों के लिए तीन बूथों पर सोमवार को हुआ पुनर्मतदान शाम चार बजे शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। अब मंगलवार 27 अक्टूबर को सुबह 8 बजे से नवीन मंडी समिति, आगरा में मतगणना शुरू होगी। दोनों सीटों पर कुल 25 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं, जिनमें स्नातक सीट पर 13 और शिक्षक सीट पर 12 प्रत्याशी शामिल हैं। मतगणना के बाद दोनों सीटों पर एक-एक प्रत्याशी की जीत तय होगी।

आगरा खंड की दोनों निर्वाचन सीटों में आगरा समेत फिरोजाबाद, मथुरा, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, इटावा, फर्रुखाबाद, कासगंज, हाथरस, औरैया और कन्नौज सहित कुल 12 जनपद शामिल हैं। मतगणना के लिए नवीन मंडी समिति में व्यापक तैयारियां की गई हैं। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 14-14 मतगणना टेबल लगाई गई हैं और मतगणना कार्य के लिए कार्मिकों की तैनाती कर दी गई है।

सोमवार को तीन बूथों पर पुनर्मतदान कराया गया। निर्धारित समय सुबह 8 बजे से शुरू हुआ मतदान शाम चार बजे समाप्त हुआ। पुनर्मतदान के बाद अब सभी की निगाहें मंगलवार को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं।

डीएम ने किया मतगणना स्थल का निरीक्षण

जिलाधिकारी मनीष बंसल ने सोमवार को नवीन मंडी समिति स्थित मतगणना स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मतगणना टेबलों, एआरओ टेबल, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक इंतजामों को देखा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतगणना से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।उन्होंने प्रत्येक मतगणना टेबल पर कैमरा, सीसीटीवी निगरानी, साउंड सिस्टम, मेज और अन्य जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा मतगणना स्थल पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, शौचालय, अग्निशमन उपकरण, मेडिकल कैंप, मीडिया दीर्घा और आवश्यक सूचनाओं के प्रदर्शन के लिए स्क्रीन की व्यवस्था करने को कहा

हर टेबल की होगी वीडियोग्राफी

मतगणना के दौरान पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक टेबल पर निर्धारित व्यवस्था के अनुसार वीडियोग्राफी और निगरानी की जाएगी। डीएम ने अग्निशमन और चिकित्सा संबंधी सभी व्यवस्थाओं को सक्रिय रखने के निर्देश दिए हैं। मतगणना परिसर में केवल अधिकृत आईडी कार्ड के आधार पर ही प्रवेश दिया जाएगा। सभी मतदान एवं मतगणना कार्मिकों को भी ड्यूटी के दौरान अपना आईडी कार्ड अनिवार्य रूप से पहनना होगा।

जिलाधिकारी ने कहा कि मतगणना की तैयारियों से जुड़े प्रत्येक कार्य को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरा कराया जाए। सभी व्यवस्थाओं की समय रहते जांच कर यह सुनिश्चित किया जाए कि मतगणना के दौरान किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो।निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी प्रशासन आजाद भगत सिंह, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संदीप वर्मा, अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे जुबैर बेग सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

video

Pages