श्रीराम बारात को लेकर आगरा पुलिस अलर्ट, चप्पे-चप्पे पर रहेगी कड़ी निगरानी
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने फोर्स को दिए सख्त निर्देश, ड्रोन निगरानी से लेकर यातायात डायवर्जन तक व्यापक सुरक्षा इंतजाम
आगरा। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीरामचंद्र जी की ऐतिहासिक श्रीराम बारात शोभायात्रा-2026 को सकुशल, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए आगरा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप दे दिया है। मंगलवार को प्रस्तावित भव्य शोभायात्रा के मद्देनजर सोमवार को पुलिस लाइंस परिसर में पुलिस बल की व्यापक ब्रीफिंग की गई। पुलिस आयुक्त दीपक कुमार और अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल ने ड्यूटी में लगाए गए कमिश्नरेट आगरा के साथ ही अन्य जनपदों से आए पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों को निर्धारित रूट चार्ट, ड्यूटी प्वाइंट और सेक्टर-जोनल व्यवस्था की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शोभायात्रा के दौरान प्रत्येक पुलिसकर्मी अपनी निर्धारित ड्यूटी पर पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहे और किसी भी स्थिति में लापरवाही न बरते। साफ-सुथरी वर्दी, अनुशासन, आपसी समन्वय और आमजन के साथ बेहतर भाषा-शैली में व्यवहार को भी ड्यूटी का अहम हिस्सा बताया गया।
श्रीराम बारात के दौरान उमड़ने वाली भीड़ और यातायात के दबाव को देखते हुए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन की तैयारी की है। सेक्टर और जोनल स्कीम के तहत पुलिस बल की तैनाती की गई है। संवेदनशील एवं महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। आसमान से भी नजर रखने के लिए ड्रोन के माध्यम से निगरानी की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक डायवर्जन प्लान लागू किया जाएगा। शोभायात्रा के आयोजकों, संबंधित विभागों और पुलिस अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और शोभायात्रा शांतिपूर्ण माहौल में निर्धारित मार्ग से संपन्न हो सके।
पुलिस अधिकारियों ने ड्यूटी में लगाए गए पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि धार्मिक आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के साथ संयमित एवं विनम्र व्यवहार किया जाए। किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना मिलने पर तत्काल उच्चाधिकारियों को अवगत कराते हुए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
ब्रीफिंग के दौरान पुलिस उपायुक्त नगर, पुलिस उपायुक्त यातायात, पुलिस उपायुक्त पश्चिमी, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय, अपर पुलिस उपायुक्त नगर सहित सभी सहायक पुलिस आयुक्त तथा अन्य जनपदों से आए पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
आगरा पुलिस की ओर से श्रीराम बारात को लेकर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और निगरानी के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। अधिकारियों का स्पष्ट संदेश है कि ऐतिहासिक शोभायात्रा सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित माहौल में संपन्न कराई जाएगी।