आज से चलेगा विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान, रैली से होगा शुभारंभ
एक से 31 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान; घर-घर होगी रोगियों की पहचान
आगरा। जनपद में मच्छर जनित और अन्य संचारी रोगों की रोकथाम के लिए गुरुवार से विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू होगा। एक से 31 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान का शुभारंभ गुरुवार सुबह नौ बजे मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय से एंथेला सोसायटी तक जागरूकता रैली निकालकर किया जाएगा। अभियान के दौरान मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया समेत वेक्टर जनित रोगों से बचाव के लिए लोगों को जागरूक करने के साथ विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि पूरे अक्टूबर माह विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत लोगों को मच्छरों से बचाव, साफ-सफाई और संचारी रोगों की रोकथाम के प्रति जागरूक किया जाएगा। विभाग की ओर से अभियान की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
12 अक्टूबर से शुरू होगा दस्तक अभियान
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी एवं वेक्टर बोर्न डिजीज के नोडल अधिकारी डॉ. धर्मेश्वर श्रीवास्तव ने बताया कि विशेष अभियान के तहत 12 से 31 अक्टूबर तक दस्तक अभियान संचालित किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों से बीमारी के लक्षणों और घर में किसी व्यक्ति के बीमार होने की जानकारी लेंगी। अभियान को लेकर विभागीय स्तर पर बैठकें कर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
जिला मलेरिया अधिकारी राजेश गुप्ता ने बताया कि अभियान में एक दर्जन से अधिक विभागों की सहभागिता रहेगी। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ शिक्षा, पंचायती राज और अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। दस्तक अभियान के दौरान घर-घर जाकर बुखार, इन्फ्लुएंजा, कुष्ठ रोग, कुपोषण और टीबी जैसे लक्षणों वाले संभावित रोगियों की जानकारी जुटाई जाएगी।
लक्षणयुक्त संभावित रोगियों का विवरण ई-कवच पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, ताकि जरूरत के अनुसार उनकी जांच और उपचार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। दस्तक अभियान के दौरान फ्रंटलाइन वर्कर्स परिवार के सदस्यों का आभा सृजन भी करेंगे और उन्हें आभा नंबर उपलब्ध कराया जाएगा।
मच्छर पनपने वाले स्थानों पर होगी निरोधात्मक कार्रवाई
अभियान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के साथ नगर निकाय, पंचायती राज, ग्राम्य विकास, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, दिव्यांगजन, कृषि एवं सिंचाई, सूचना और उद्यान विभाग की सहभागिता रहेगी। सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
अभियान के दौरान ऐसे स्थानों को चिन्हित किया जाएगा, जहां मच्छरों के पनपने की संभावना है। इन स्थानों पर आवश्यक निरोधात्मक कार्रवाई के साथ लोगों को साफ-सफाई रखने और जलभराव रोकने के प्रति जागरूक किया जाएगा। विभाग का उद्देश्य समय रहते संभावित रोगियों की पहचान कर संचारी रोगों के प्रसार को रोकना है।