दिल्ली से चोरी एक्टिवा लेकर आगरा पहुंचा आरोपी, मलपुरा पुलिस ने दबोचा
बिना नंबर प्लेट की स्कूटी ने खोला चोरी का राज, दो मोबाइल और 12,800 रुपये भी बरामद
आगरा। थाना मलपुरा पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान चोरी की एक्टिवा स्कूटी के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 12,800 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि बरामद स्कूटी दिल्ली के थाना कालकाजी साउथ-ईस्ट दिल्ली क्षेत्र से चोरी की गई थी।
थाना मलपुरा पुलिस टीम संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मलपुरा-रोहता नहर रोड स्थित बाइखेड़ा कट के पास एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर पूछताछ की। तलाशी के दौरान उसके पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 12,800 रुपये नकद बरामद हुए। उसके पास मौजूद सफेद रंग की एक्टिवा स्कूटी पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी थी।
पुलिस को स्कूटी के संबंध में संदेह होने पर ई-चालान एप के माध्यम से वाहन का रजिस्ट्रेशन नंबर पता किया गया। इसके बाद पुलिस ने वाहन स्वामी से संपर्क किया। वाहन स्वामी ने बताया कि उक्त एक्टिवा रात के समय चोरी हो गई थी और चोरी के संबंध में थाना कालकाजी साउथ-ईस्ट दिल्ली में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
इसके बाद पुलिस ने चोरी की स्कूटी बरामद कर आरोपी अजीत को गिरफ्तार कर लिया। मामले में थाना मलपुरा पर मु0अ0सं0 465/2026, धारा 317(2)/317(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
मलपुरा पुलिस द्वारा तकनीकी माध्यम से वाहन की पहचान कर चोरी की स्कूटी बरामद करने की कार्रवाई से मामले का खुलासा हुआ। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके आपराधिक नेटवर्क और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है। प्रकरण में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।