महिला को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, इलाज के दौरान हुई थी मौत - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

रविवार, 11 अक्टूबर 2026

महिला को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, इलाज के दौरान हुई थी मौत

महिला को जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, इलाज के दौरान हुई थी मौत

बमरोली कटारा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर दबिश देकर धर्मवीर और यशपाल उर्फ बल्लू को पकड़ा

आगरा। थाना बमरोली कटारा क्षेत्र में महिला के साथ मारपीट और उसे जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जहरीला पदार्थ दिए जाने के बाद महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपियों में शामिल धर्मवीर और यशपाल उर्फ बल्लू को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, थाना बमरोली कटारा में दी गई तहरीर में वादी ने आरोप लगाया था कि उसकी पत्नी को लाल सिंह पुत्र फूल सिंह, धर्मवीर, रवि और यशपाल उर्फ बल्लू पुत्रगण लाल सिंह काफी समय से परेशान और प्रताड़ित कर रहे थे। आरोप है कि 12 अगस्त 2026 को आरोपियों ने महिला को जबरन जहरीला पदार्थ पिला दिया। हालत बिगड़ने पर महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मामले में थाना बमरोली कटारा पर मुकदमा अपराध संख्या 95/2026 के तहत धारा 105 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था। महिला की मृत्यु के बाद विवेचना में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई।

वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए थाना बमरोली कटारा पुलिस टीम क्षेत्र में लगातार चेकिंग और तलाश कर रही थी। इसी दौरान 9 अक्टूबर 2026 को पुलिस टीम को मुखबिर से आरोपियों के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नवामील से आगरा की ओर जाने वाले रास्ते के पास से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धर्मवीर पुत्र लाल सिंह और यशपाल उर्फ बल्लू पुत्र लाल सिंह के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसके बाद उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश कर न्यायिक अभिरक्षा रिमांड के लिए अनुरोध किया जा रहा है। मामले में पुलिस की ओर से आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

video

Pages