ताजगंज मोक्षधाम में मानव अंतिम संस्कार स्थल पर जलाई कुत्ते की चिता, आक्रोश के बाद कमेटी पदाधिकारियों पर केस - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

गुरुवार, 22 अक्टूबर 2026

ताजगंज मोक्षधाम में मानव अंतिम संस्कार स्थल पर जलाई कुत्ते की चिता, आक्रोश के बाद कमेटी पदाधिकारियों पर केस

ताजगंज मोक्षधाम में मानव अंतिम संस्कार स्थल पर जलाई कुत्ते की चिता, आक्रोश के बाद कमेटी पदाधिकारियों पर केस

आगरा। ताजगंज स्थित मोक्षधाम में मानव शवों के अंतिम संस्कार के लिए निर्धारित स्थल पर कुत्ते की चिता जलाने का मामला सामने आने के बाद विवाद खड़ा हो गया। बुधवार को परिचित के अंतिम संस्कार में पहुंचे हिंदूवादी नेता ने कुत्ते की चिता जलती देख आपत्ति जताई और पुलिस से शिकायत की। मामले में पुलिस ने श्मशान घाट की प्रबंधन कमेटी के पदाधिकारियों, प्रबंधक और कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।आगरा कैंट के मुस्तफा क्वार्टर निवासी हिंदूवादी नेता अनुपम शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बुधवार को अपने एक परिचित के अंतिम संस्कार के लिए ताजगंज मोक्षधाम पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने मानव शवों के अंतिम संस्कार के लिए बनाए गए स्थल पर कुत्ते की चिता जलती देखी। इस पर उन्होंने मौके पर मौजूद कमेटी के लोगों से आपत्ति जताते हुए जानकारी मांगी।आरोप है कि शिकायत करने पर वहां मौजूद कमेटी के लोगों ने उनके साथ अभद्रता की। अनुपम शर्मा के मुताबिक, मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने स्वीकार किया कि कुत्ते का अंतिम संस्कार हिंदू रीति-रिवाज से कराया गया है। उन्होंने इस घटना पर आपत्ति जताते हुए कहा कि मानव अंतिम संस्कार स्थल पर इस तरह कुत्ते की चिता जलाए जाने से धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।शिकायत के आधार पर पुलिस ने श्मशान घाट की कमेटी के पदाधिकारियों, प्रबंधक और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस मामले में आरोपों की जांच कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है।

कमेटी अध्यक्ष बोले- आगे से नहीं होगी ऐसी घटना

मामले में श्री क्षेत्र बजाजा कमेटी के अध्यक्ष अनिल जिंदल ने मीडिया से कहा कि जानकारी मिलने के बाद कमेटी के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच की। उन्होंने कहा कि संबंधित लोगों को सख्त हिदायत दी गई है कि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए। हालांकि, उन्होंने अभद्रता के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि कमेटी की ओर से किसी के साथ अभद्रता नहीं की गई है।पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच के बाद घटना में जिम्मेदारी तय करते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages