खेत में मिट्टी डालने को लेकर खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला गांव; किशोरी की मौत, चार घायल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

सोमवार, 5 अक्टूबर 2026

खेत में मिट्टी डालने को लेकर खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला गांव; किशोरी की मौत, चार घायल

खेत में मिट्टी डालने को लेकर खूनी संघर्ष, ताबड़तोड़ फायरिंग से दहला गांव; किशोरी की मौत, चार घायल

गढ़ी धर्मजीत में मामूली कहासुनी के बाद चलीं गोलियां, घटना के बाद गांव में तनाव; पुलिस ने संभाला मोर्चा, आरोपी फरार

आगरा। थाना निबोहरा क्षेत्र के गांव गढ़ी धर्मजीत में रविवार शाम खेत में मिट्टी डालने को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद फायरिंग की घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। गोली लगने से पांच लोग घायल हो गए। घायलों में शामिल एक किशोरी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि चार अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम करीब पांच बजे खेत में मिट्टी डालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ था। ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ता चला गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद मामला मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया।

आरोप है कि इसी दौरान एक पक्ष की ओर से फायरिंग की गई, जिसमें हेमेन्द्र सिंह, जितेंद्र, ब्रजेश, हरेन्द्र और भावना गोली लगने से घायल हो गए। गोलियों की आवाज सुनते ही गांव में दहशत फैल गई। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान घायल किशोरी भावना की मौत हो गई। किशोरी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं चार अन्य घायलों का चिकित्सकों की निगरानी में उपचार किया जा रहा है।

फायरिंग की सूचना मिलते ही एसीपी के नेतृत्व में थाना निबोहरा पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस के पहुंचने से पहले ही घटना में आरोपी बताए जा रहे लोग मौके से फरार हो गए। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर घटना के पीछे खेत में मिट्टी डालने को लेकर हुआ विवाद सामने आया है। पुलिस घायलों के बयान, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है।

किशोरी की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

video

Pages