सक्षम मॉड्यूल आधारित प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के द्वितीय बैच का प्रशिक्षण सम्पन्न
आगरा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान आगरा में विकासखंड अकोला एवं बाह के प्राथमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के सक्षम मॉड्यूल आधारित द्वितीय बैच का प्रशिक्षण सम्पन्न हुआ। प्रशिक्षण उप शिक्षा निदेशक एवं प्राचार्य विजय प्रताप सिंह के दिशा-निर्देशन में संचालित किया गया।
समापन दिवस के प्रथम सत्र में संदर्भदाता डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने अंतर विभागीय समन्वय एवं विभिन्न पोर्टलों की संकल्पना पर समूह चर्चा कराई। द्वितीय सत्र में नोडल प्रभारी डॉ. प्रज्ञा शर्मा ने शैक्षिक उन्नयन के लिए नवाचार एवं शैक्षिक तकनीकी की संकल्पना पर प्रकाश डालते हुए गतिविधियों के माध्यम से सत्र संचालित किया।
तृतीय सत्र में संदर्भदाता यशपाल सिंह ने निपुण भारत मिशन में प्रधानाध्यापक की भूमिका और निपुण भारत अभियान के विभिन्न पहलुओं को विस्तार से समझाया। वहीं चतुर्थ सत्र में संदर्भदाता अबु मुहम्मद आसिफ ने विद्यालय विकास में समुदाय की भूमिका एवं सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने के उपायों पर जानकारी दी।
संदर्भदाता रंजना पांडेय ने बाल वाटिका एवं ईसीसीई एजुकेटर की भूमिका पर प्रशिक्षण दिया। प्रशिक्षण सह प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने विंध्यांजलि पोर्टल एवं उसके लाभों की जानकारी देते हुए विद्यालय विकास योजना से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं को समझाया।
प्रशिक्षण के समापन पर प्रमाण पत्र वितरण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रज्ञा शर्मा ने किया। इस अवसर पर वरिष्ठ प्रवक्ता विजय सिंह एवं ललित मोहन पाल के साथ प्रवक्ता यशवीर सिंह, कल्पना सिन्हा, लक्ष्मी शर्मा, रंजना पांडेय, यशपाल सिंह, पुष्पेंद्र सिंह सहित संस्थान के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।