बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, आभूषण और कार बरामद - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 3 अक्टूबर 2026

बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, आभूषण और कार बरामद

बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार, आभूषण और कार बरामद

सदर बाजार पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर दबोचे आरोपी, चोरी में इस्तेमाल कार समेत चांदी की पायल और पीली धातु बरामद

आगरा। थाना सदर बाजार क्षेत्र के महादेव नगर में बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त औरा कार, नकदी और चोरी के आभूषण बरामद किए हैं।

पुलिस के मुताबिक महादेव नगर में किराये के मकान में रहने वाली महिला नौकरी के सिलसिले में बाहर गई थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली महिला ने फोन कर उन्हें मकान का ताला टूटा होने की जानकारी दी। घर लौटने पर महिला ने देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर अलमारी का ताला भी तोड़ा गया था और उसमें रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे।

घटना की सूचना मिलने के बाद महिला की तहरीर पर थाना सदर बाजार में मुकदमा अपराध संख्या 624/2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग

घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त नगर के निर्देश पर थाना सदर बाजार पुलिस की टीमों का गठन किया गया। सहायक पुलिस आयुक्त सदर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।

पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर पर्यटन विभाग के कार्यालय के बगल वाले रास्ते से चार संदिग्धों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सत्यपाल नारायण, प्रशान्त उर्फ भोला, हैप्पी और समीर कुरैशी के रूप में हुई है।

कार, नकदी और आभूषण बरामद

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक औरा कार, 680 रुपये नकद, चार सफेद धातु की पायल और 20 ग्राम वजन का पीली धातु का एक टुकड़ा बरामद किया गया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर घटना में उनकी भूमिका और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

video

Pages