आगरा:-थाना किरावली पुलिस और सर्विलांस पश्चिमी जोन की संयुक्त टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन बुक की गई अर्टिगा कार को चोरी कर फरार हुए शातिर अभियुक्त को महज सात घंटे के भीतर राजस्थान के दौसा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई अर्टिगा कार भी सकुशल बरामद कर ली।पुलिस के अनुसार जयपुर में टैक्सी चलाने वाले चालक ने जयपुर से आगरा के लिए अर्टिगा कार ऑनलाइन बुक की थी। शुक्रवार को कार जब थाना किरावली क्षेत्र के कौरई टोल प्लाजा से गुजरने के बाद उत्तर प्रदेश का परिवहन टैक्स ऑनलाइन कटवाने के लिए रुकी, तभी कार में सवार आरोपी ने चालक से एसी चालू रखने को कहा। इसी दौरान मौका पाकर आरोपी चालक की सीट पर जा बैठा और कार लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 के माध्यम से किरावली पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्चाधिकारियों एवं एसीपी अछनेरा के नेतृत्व में थाना किरावली पुलिस और सर्विलांस पश्चिमी जोन की संयुक्त टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार में लगे जीपीएस की लोकेशन ट्रेस कर उसका पीछा शुरू कर दिया।
पुलिस ने दूरभाष के माध्यम से राजस्थान पुलिस को भी घटना की जानकारी देकर चेकिंग के लिए सतर्क किया।
जीपीएस लोकेशन और पुलिस की सक्रियता के चलते थाना किरावली एवं थाना दौसा की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर कलेक्ट्रेट चौराहा, दौसा राजस्थान से आरोपी को दबोच लिया। उसके कब्जे से चोरी की अर्टिगा कार भी बरामद कर ली गई।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पुनीत कुमार पुत्र विजय कुमार निवासी बैंक कॉलोनी, किंग हॉस्पिटल के पास, थाना उदय मंदिर, जोधपुर राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
कार चोरी की घटना का महज सात घंटे में खुलासा कर आरोपी को राजस्थान से गिरफ्तार करने और चोरी की कार बरामद करने में थाना किरावली पुलिस एवं सर्विलांस पश्चिमी जोन की टीम की त्वरित कार्यशैली अहम रही। कार्रवाई करने वाली टीम में थानाध्यक्ष मदन सिंह, प्रभारी सर्विलांस सचिन कुमार, गोपाल सिंह और दीपक तेवतिया शामिल रहे।