आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र में स्कूटी और मोबाइल छिनैती की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। संयुक्त पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से छीनी गई स्कूटी, मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
घटना के अनुसार, पीड़ित रात में अपने कार्यस्थल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान यमुना एक्सप्रेस-वे अंडरपास के नीचे चौगान की ठार की ओर जाने वाले कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने बातचीत के बहाने उन्हें उलझाया और उनकी स्कूटी व मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर थाना एत्मादपुर में मुकदमा संख्या 431/2026 धारा 304(2)/352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
घटना के खुलासे के लिए थाना एत्मादपुर, साइबर ऑपरेशन/काउंटर इंटेलीजेंस, साइबर/सर्विलांस और एसओजी/सर्विलांस पश्चिमी जोन की संयुक्त पुलिस टीमों को लगाया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान के प्रयास किए।
इसी क्रम में मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने गढ़ी रामी से भागूपुर जाने वाले मार्ग से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से छीनी गई स्कूटी, मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल, दो अवैध तमंचे 315 बोर और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2), 3(5), 112(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की गई है।