महिला उपनिरीक्षकों को थाना-चौकी प्रभारी बनाने की तैयारी, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने परखी नेतृत्व क्षमता - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 24 नवंबर 2026

महिला उपनिरीक्षकों को थाना-चौकी प्रभारी बनाने की तैयारी, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने परखी नेतृत्व क्षमता

महिला उपनिरीक्षकों को थाना-चौकी प्रभारी बनाने की तैयारी, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने परखी नेतृत्व क्षमता


आगरा। उत्तर प्रदेश पुलिस में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और उन्हें नेतृत्व के अवसर प्रदान करने की दिशा में आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने पहल की है। इसी क्रम में 23 नवंबर को पुलिस आयुक्त दीपक कुमार ने नगर जोन में तैनात महिला उपनिरीक्षकों के साथ गोष्ठी आयोजित की। इसमें महिला उपनिरीक्षकों की कार्यकुशलता, नेतृत्व क्षमता और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के निर्वहन की योग्यता का आकलन किया गया, ताकि उन्हें थाना और चौकी प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों की जिम्मेदारी सौंपी जा सके।

गोष्ठी में पुलिस आयुक्त ने महिला उपनिरीक्षकों का साक्षात्कार लेकर उनकी कार्यशैली, अनुभव और नेतृत्व क्षमता को परखा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को केवल पुलिस बल में भागीदारी तक सीमित न रखकर उन्हें महत्वपूर्ण पदों पर नेतृत्व करने के अवसर भी दिए जाने चाहिए। गोष्ठी का उद्देश्य योग्य महिला उपनिरीक्षकों को आगे बढ़ाकर पुलिस व्यवस्था में उनकी भूमिका को और प्रभावी बनाना रहा।

इस दौरान महिला उपनिरीक्षकों को कानून-व्यवस्था, पुलिस प्रशासन और जनसमस्याओं के समाधान से जुड़ी जिम्मेदारियों को पूरी निष्ठा एवं दक्षता के साथ निभाने के लिए प्रेरित किया गया। उन्हें भविष्य में थाना और चौकी प्रभारी जैसे दायित्वों के लिए तैयार रहने का संदेश भी दिया गया।

गोष्ठी में पुलिस उपायुक्त नगर, पुलिस उपायुक्त पूर्वी, पुलिस उपायुक्त अपराध, अपर पुलिस उपायुक्त यातायात, एसीपी हरीपर्वत, एसीपी छत्ता, एसीपी कार्यालय और एसीपी खेरागढ़ उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश सरकार की महिला सशक्तिकरण की नीति के अनुरूप आगरा पुलिस की यह पहल महिला पुलिसकर्मियों को नेतृत्व की जिम्मेदारी देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

video

Pages