आगरा कमिश्नरेट के चार साल पूरे, स्थापना दिवस पर दिखी पुलिस की कार्यशैली और उपलब्धियों की झलक
आगरा। पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, उत्तरदायी और जनकेंद्रित बनाने के उद्देश्य से 26 नवंबर 2022 को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर आगरा में पुलिस कमिश्नरेट व्यवस्था लागू की गई थी। गुरुवार को कमिश्नरेट व्यवस्था के चार वर्ष पूर्ण होने पर पुलिस लाइन्स के परेड ग्राउंड में कमिश्नरेट स्थापना दिवस-2026 का भव्य आयोजन किया गया।
पुलिस आयुक्त दीपक कुमार के नेतृत्व में कमिश्नरेट आगरा पुलिस ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने, अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण, महिला सुरक्षा, नागरिकों को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध कराने और पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को कार्यक्रम के माध्यम से प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल, अपर पुलिस महानिदेशक आगरा जोन एसके भगत, पुलिस आयुक्त दीपक कुमार, अपर पुलिस आयुक्त सचिन्द्र पटेल तथा पुलिस उपायुक्त पश्चिमी आदित्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, पुलिसकर्मियों और अन्य गणमान्य लोगों की मौजूदगी में कमिश्नरेट व्यवस्था की उपलब्धियों और जनसुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित किया गया।