आगरा:-आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने के लिए आगरा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के निर्देशन में पुलिस अधिकारी और टीमें लगातार बाजारों, सर्राफा बाजारों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और प्रमुख चौराहों पर पैदल गश्त कर रहे हैं। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी जांची जा रही है और संदिग्ध व्यक्तियों व वाहनों पर नजर रखी जा रही है।
इसी क्रम में पुलिस उपायुक्त नगर रवीन्द्र कुमार ने पुलिस बल के साथ थाना हरीपर्वत क्षेत्र के प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पैदल गश्त की। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ सीसीटीवी कैमरों की स्थिति भी देखी। इस दौरान आम नागरिकों, सर्राफा कारोबारियों और अन्य व्यापारियों से संवाद कर उन्हें सुरक्षा के प्रति आश्वस्त किया गया। त्योहारों के दौरान बाजारों में समुचित पार्किंग व्यवस्था बनाए रखने को लेकर भी व्यापारियों से चर्चा की गई।
अपर पुलिस उपायुक्त नगर/अपराध मनोज कुमार यादव ने थाना प्रभारी न्यू आगरा और पुलिस बल के साथ थाना न्यू आगरा क्षेत्र में पैदल गश्त की। प्रमुख चौराहों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए सीसीटीवी कैमरों की स्थिति जांची गई। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों और आम नागरिकों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी जानकारी ली और त्योहारों के दौरान सहयोग की अपील की।
पुलिस अधिकारियों ने संबंधित पुलिसकर्मियों को लगातार सतर्क रहने, संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने और नियमित गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बाजार क्षेत्रों में यातायात और पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।थाना हरीपर्वत, नाई की मंडी, ट्रांस यमुना, छत्ता, एमएम गेट, जगदीशपुरा, सिकंदरा, ताजगंज, शाहगंज और रकाबगंज समेत विभिन्न थाना क्षेत्रों में भी पुलिस टीमें लगातार भ्रमणशील रहीं। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की गई। सर्राफा बाजारों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर नियमित गश्त करते हुए व्यापारियों से संवाद किया गया और सीसीटीवी कैमरों की स्थिति की भी जांच की गई।