आगरा। भारतीय हिंदू सेवा संस्था के प्रदेश अध्यक्ष मनोज अग्रवाल ने नगर निगम के वार्ड 84 बल्केश्वर के सुपरवाइजर राधे पर फोन कर जान से मारने और एससी-एसटी एक्ट के फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देने का आरोप लगाया है। इस संबंध में सोमवार को संस्था के पदाधिकारियों ने नगर निगम पहुंचकर नगर आयुक्त की अनुपस्थिति में उप नगर आयुक्त सरिता सिंह को ज्ञापन सौंपा और आरोपी सुपरवाइजर को निलंबित करने की मांग की।
मनोज अग्रवाल के अनुसार, वार्ड 84 के पार्षद हरिओम गोयल उर्फ बाबा द्वारा उनके खिलाफ कथित तौर पर अनर्गल आरोप लगाकर छवि धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। इसका विरोध करने पर पार्षद की शह पर नगर निगम के सुपरवाइजर राधे ने 15 नवंबर 2026 को सुबह करीब 11:20 बजे अपने मोबाइल से उन्हें फोन किया। आरोप है कि बातचीत के दौरान सुपरवाइजर ने जान से मारने, नगर निगम में देख लेने और एससी-एसटी एक्ट के मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी।
संस्था के प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि उनके पास फोन पर दी गई धमकी की रिकॉर्डिंग मौजूद है। उन्होंने अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा कि भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो इसके लिए पार्षद हरिओम गोयल और सुपरवाइजर राधे जिम्मेदार होंगे।