आगरा:-आगामी त्योहारों को सकुशल और शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए आगरा पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी है। अपर पुलिस आयुक्त आगरा सचिंद्र पटेल ने 1/2 नवंबर की देर रात थाना हरीपर्वत क्षेत्र के दिल्ली गेट के पास पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में पुलिस उपायुक्त नगर, अपर पुलिस उपायुक्त नगर और नगर जोन के समस्त सहायक पुलिस आयुक्त मौजूद रहे। अपर पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की और त्योहारों के दौरान पुलिस की सक्रियता बनाए रखने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्राधिकार में लगातार भ्रमणशील रहने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी तरह सतर्क रखने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने को कहा।
अपर पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि आगामी त्योहारों के दौरान पुलिस की मौजूदगी लगातार नजर आनी चाहिए और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। अधिकारियों को क्षेत्र में भ्रमण करते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने और आमजन में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के लिए भी निर्देशित किया गया।