पति-पत्नी के विवाद में कूदा पड़ोसी, धक्का देने से सीढ़ियों से गिरा युवक, दर्दनाक मौत - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शुक्रवार, 27 नवंबर 2026

पति-पत्नी के विवाद में कूदा पड़ोसी, धक्का देने से सीढ़ियों से गिरा युवक, दर्दनाक मौत

पति-पत्नी के विवाद में कूदा पड़ोसी, धक्का देने से सीढ़ियों से गिरा युवक, दर्दनाक मौत


आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के गढ़ी भदौरिया में पति-पत्नी के बीच चल रहा विवाद बुधवार को दर्दनाक घटना में बदल गया। झगड़े के दौरान बीच में आए पड़ोसी ने कथित तौर पर युवक के साथ मारपीट कर उसे धक्का दे दिया। सीढ़ियों से नीचे सड़क पर गिरने से युवक के सिर में गंभीर चोट लग गई। आरोप है कि घायल युवक करीब एक घंटे तक सड़क पर तड़पता रहा। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आरोपी पड़ोसी मौके से फरार हो गया।

जानकारी के मुताबिक, 32 वर्षीय हरिओम गढ़ी भदौरिया में अपनी पत्नी किरन के साथ किराये पर रहता था। बुधवार को किसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला रामवीर वहां पहुंच गया। मृतक के भाई राहुल का आरोप है कि रामवीर ने पहले हरिओम से बहस की और फिर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि रामवीर ने हरिओम को धक्का दे दिया, जिससे वह सीढ़ियों से नीचे सड़क पर जा गिरा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट आई।

परिजनों का आरोप है कि हरिओम को घायल अवस्था में छोड़कर रामवीर मौके से भाग गया, जबकि उसकी पत्नी भी अंदर चली गई। करीब एक घंटे तक हरिओम सड़क पर पड़ा रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एसएन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश की जा रही है।

video

Pages