आगरा। दीपावली एवं छठ पूजा के त्योहारों को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। आगरा मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की ओर से विशेष चेकिंग अभियान चलाकर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों की सघन जांच की जा रही है।
इसी क्रम में आगरा कैंट और मथुरा जंक्शन रेलवे स्टेशनों पर डॉग स्क्वॉड एवं स्निफर डॉग की मदद से प्लेटफॉर्म, ट्रेनों और स्टेशन परिसर को खंगाला गया।अभियान के दौरान यात्रियों के सामान और स्टेशन परिसर में मौजूद संदिग्ध स्थानों की जांच की गई। विशेष रूप से पटाखे, गैस सिलेंडर, केरोसिन, पेट्रोल सहित अन्य ज्वलनशील एवं विस्फोटक सामग्री को ट्रेनों में अवैध रूप से ले जाने से रोकने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई। रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने यात्रियों को भी सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया।
इससे एक दिन पहले आरपीएफ पोस्ट आगरा छावनी की टीम ने मथुरा जंक्शन के विभिन्न प्लेटफॉर्मों के साथ गाड़ी संख्या 12137, 12618 और 64955 में भी सघन चेकिंग अभियान चलाया था। जांच के दौरान किसी भी यात्री के पास ज्वलनशील अथवा विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।रेलवे सुरक्षा बल द्वारा त्योहारों के दौरान यात्रियों की सुरक्षित और सुगम रेल यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे रेल परिसर और ट्रेनों में पटाखे, पेट्रोल, केरोसिन या अन्य ज्वलनशील एवं विस्फोटक सामग्री लेकर यात्रा न करें तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में रेलवे प्रशासन का सहयोग करें।