आगरा। दीपावली का पर्व केवल दीप जलाने और खुशियां मनाने का ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने का भी संदेश देता है। इसी भावना को साकार करते हुए थाना मलपुरा पुलिस ने मानवीय पहल की। प्रभारी निरीक्षक मलपुरा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने थाना क्षेत्र के गरीब एवं जरूरतमंद बच्चों के बीच पहुंचकर उन्हें मिठाइयां और पटाखे वितरित किए।
पुलिसकर्मियों से उपहार पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखने को मिला। बच्चों ने पुलिसकर्मियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। पुलिस टीम ने भी बच्चों को त्योहार की शुभकामनाएं देते हुए उनके साथ समय बिताया।