आगरा। खंदौली ब्लॉक के सेमरा स्थित पीएस एकेडमी में 22 नवंबर को आयोजित ब्लॉक स्तरीय खेलकूद एवं शैक्षणिक प्रतियोगिता में SPS पब्लिक स्कूल, पीली पोखर की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन कर विद्यालय का नाम रोशन किया। अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया।प्रतियोगिता में कक्षा 10 की सलोनी शर्मा ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कक्षा 9 की आयशा द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं कक्षा 10 की तमन्ना उर्फ सलोनी ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ दी।
इसके अलावा विद्यालय के प्रिंस नौहवार, फरहान खान, समीर, सोनी जेटली और लव उपाध्याय सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने भी विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने दौड़ प्रतियोगिताओं में भी अपनी खेल प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में खंदौली ब्लॉक प्रमुख आशीष शर्मा, कार्यक्रम संयोजक उमेश, प्रधानाचार्य सुमित चौधरी और वरिष्ठ शिक्षक पंकज चौहान सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।