रिपोर्ट :-लवी किशोर
फोटो लवी किशोर
खंदौली में यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे नग्न अवस्था में मिला महिला का अधजला हुआ शव
जनपद आगरा। शनिवार सुबह यमुना एक्सप्रेस वे के किनारे नग्न अवस्था में महिला का अधजला हुआ शव मिलने से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। एक्सप्रेस वे के किनारे झाड़ियों में महिला के अधजले शव की सूचना लोगों ने तुरंत पुलिस को दी। घटना की जानकारी होते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और इस मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उस पर केरोसिन डालकर जला दिया गया जिससे मृतका की शिनाख्त ना हो सके।
घटना खंदौली थाना क्षेत्र के यमुना एक्सप्रेसवे सर्विस रोड के किनारे की है। बताते चलें कि नित्य क्रिया के लिए जाते समय लोगों ने झाड़ियों के किनारे महिला के शव को देखा। महिला का शव जला हुआ था और महिला के शरीर पर किसी भी तरह का कोई कपड़ा नहीं था। इस दृश्य को देख लोग घबरा गए और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। महिला के शव मिलने की सूचना पर पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंच गई मौके पर एसएसपी बबलू कुमार ने मौजूद लोगों से पूछताछ की लेकिन महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मौके पर मौजूद लोगों का कहना था कि महिला के शव से केरोसिन की बदबू आ रही थी। आशंका है कि महिला के साथ पहले दुष्कर्म किया गया हो और फिर उसकी हत्या कर शव को यहां फेंक कर उस पर केरोसिन डालकर जला दिया हो जिससे महिला की शिनाख्त ना हो सके। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।