खनन माफियाओ की आगरा पुलिस से मुठभेड़, एक घायल - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

मंगलवार, 27 सितंबर 2022

खनन माफियाओ की आगरा पुलिस से मुठभेड़, एक घायल

खनन माफियाओ की आगरा पुलिस से मुठभेड़, एक घायल

आगरा। कुर्रा चित्तरपुर चौकी क्षेत्र में मंगलवार तड़के पुलिस और अवैध खनन करने वालों के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान एक ट्रैक्टर चालक गोली लगने से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि उसके दो गोलियां लगी हैं। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत गंभीर बताई गई है। उधर, पुलिस ने मौके से दो ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया है। अन्य आरोपी फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस जुटी है। सूरजपुरा रोड पर हुई मुठभेड़ घटना थाना इरादत नगर के कुर्रा चित्तरपुर चौकी क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक आगरा-ग्वालियर राजमार्ग से कुर्रा चित्तरपुर मार्ग होते हुए चंबल की बालू से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली जा रहे थे। पुलिस टीम ट्रैक्टर-ट्रॉली का पीछा कर रही थी। सूरजपुरा रोड पर नहर पुल से पहले दो ट्रैक्टर भाग जाने में सफल हुए। दो ट्रैक्टरों को पुलिस ने घेर लिया। इसी दौरान एक ट्रैक्टर चालक को दो गोलियां लगीं, जिससे वह ट्रैक्टर से नीचे गिर पड़ा। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बाकी अन्य आरोपी भाग गए। पुलिस टीम पर की थी फायरिंग। एसएसपी आगरा प्रभाकर चौधरी का कहना है कि कुर्रा चित्तरपुर क्षेत्र में मुठभेड़ हुई है। तीन-चार ट्रैक्टर-ट्रॉली बालू लेकर जा रहे थे। इसकी सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस के पकड़ने पर ट्रैक्टर पर सवार 10- 12 लोगों ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक को गोली लग गई। उसे पकड़ लिया गया है, जबकि बाकी अन्य आरोपी भाग गए। दो ट्रैक्टर ट्रॉली पकड़ी गई हैं। गोली लगने से घायल चालक आकाश गुर्जर निवासी मुरैना है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उससे उसके साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।

पांच सितंबर को तोड़ा था टोल का बैरियर

ग्वालियर और मुरैना से बड़े पैमाने पर सैंया व आसपास के क्षेत्रों से होकर बालू के अवैध खनन का खेल चल रहा है। खनन माफिया ने पांच सितंबर को सैंया टोल पर अवैध खनन लदे ट्रैक्टर से टक्कर मार कर पहले टोल का बैरियर तोड़ा। फिर एक-एक कर 13 ट्रैक्टर निकाल ले गए थे। पूरी घटना टोल के सीसीटीवी में कैद हो गई थी। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई वाहनों को पकड़ा था। पुलिस ने अलग-अलग थानों में 17 से अधिक मुकदमे दर्ज किए थे।

video

Pages