*PM ने MP में लाए गए चीतों के लिए मांगे नाम, बोले- कॉम्पिटिशन में हिस्सा लें, क्या पता आपको चीते देखने का मौका मिल जाए
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नामीबिया से कूनो नेशनल पार्क लाए गए चीतों के लिए नाम मांगे हैं. 'मन की बात' कार्यक्रम में PM मोदी ने कहा, पिछले दिनों चीतों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया. देश के हर हिस्से से चीतों के आने पर खुशी जताई गई. देशभर के लोगों का एक कॉमन सवाल है कि चीतों को देखने का मौका कब मिलेगा? चीतों को लेकर एक टास्क फोर्स बनी है. ये टास्क फोर्स चीतों की मॉनिटरिंग कर ये देखेगी कि ये हमारे यहां के माहौल में कितने घुल-मिल गए हैं. इसके बाद ही चीतों को देख पाएंगे.
PM मोदी ने कहा, चीतों को देखने से पहले एक कॉम्पिटिशन शुरू कर रहे हैं. इसमें हर देशवासी को हिस्सा लेना चाहिए. कम्पटीशन www.mygov.in पर होगा. इसमें चीतों को लेकर चलाए गए अभियान का नाम क्या होना चाहिए? चीतों का नाम क्या होना चाहिए, यानी हर एक को किस नाम से बुलाया जाना चाहिए? इसमें आप अपनी राय दर्ज करा सकते हैं. मेरी अपील है कि इस प्रतियोगिता में भाग जरूर लें. क्या पता चीतों को देखने का सबसे पहला अवसर आपको मिल जाए.