सेना मुख्यालय लखनऊ से मेजर जनरल ने आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज, कीठम में चल रही अग्निवीर सेना भर्ती रैली का निरीक्षण व व्यवस्था देखी तथा भर्ती रैली का झण्डी दिखाकर शुभारम्भ किया।
आगरा-04.10.2022/आज सेना मुख्यालय लखनऊ से मेजर जनरल मनोज तिवारी ने आनंद इंजीनियरिंग कॉलेज, कीठम में चल रही अग्निवीर सेना भर्ती रैली का निरीक्षण व व्यवस्था देखी तथा उन्होंने आज की भर्ती रैली का झण्डी दिखाकर शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उनके साथ जिला प्रशासन व पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी मौजूद रहे। तत्पश्चात् मेजर जनरल श्री तिवारी ने पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों को सेना रैली भर्ती में उनके सहयोग व सहायता हेतु प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने वार्ता करते हुए बताया कि सेना भर्ती रैली 20 सितंबर से लगातार सेना के आगरा केंद्र के अंतर्गत 12 जनपदों हेतु चल रही है और यहां के युवाओं ने गर्मजोशी व उत्साह के साथ भर्ती में अपनी भागीदारी की है, भर्ती में एक लाख 75 हजार 219 युवाओं ने अपना नामांकन कराया है, जो अग्निपथ स्कीम की लोकप्रियता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि अग्निपथ स्कीम युवाओं को देश के लिए जज्बा, जूनून, दृढ़ता दिखाने के साथ देशसेवा का अवसर दे रही है। मेजर जनरल तिवारी ने अग्निपथ स्कीम को भारतीय सेना में चल रहे लगातार सुधारों के प्रयास का नतीजा बताया जोकि सेना को नये रूप व नवाचार की तरफ ले जाएगा।
उन्होंने बड़ी संख्या में सेना में चल रहे आधारभूत व परिवर्तनकारी बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि ये बदलाव सेना को और अधिक शसक्त, मजबूत व सक्षम बनाने व आज की तथा भविष्य की आने बाली बहु चुनौतियों से लड़ने में सक्षम बनायेंगे। अग्निपथ स्कीम भी ऐसा ही एक बदलाव है, जिसका उद्देश्य सेना के मानव संसाधन प्रबंधन में बदलाव के रुप में है, उन्होंने इसे एक प्रगतिशील कदम बताते हुए कहा कि यह हमारी कार्यक्षमता में गुणवत्ता लाने में मदद करेगा। उन्होंने अग्निपथ स्कीम की उपयोगिता बताते हुए कहा कि ये सेना में युवा शक्ति व अनुभव के बीच सामंजस्य व संतुलन स्थापित करने का कार्य करेगी तथा उम्मीद जताई कि यह सेना में नया जोश, स्फूर्ति व आत्मविश्वास लेकर आएगी व उसे आधुनिक, गतिशील, प्रौद्योगिकी आधारित तथा आत्मनिर्भर बनायेगी, जो हर चुनौती व परिस्थिति का सामना करने में सक्षम होगी। उन्होंने बताया कि अग्निवीर भर्ती के अंतर्गत कई श्रेणियों हेतु ये भर्ती चल रही है, जिनमें अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर स्टोरकीपर, अग्निवीर ट्रेड्समैन, अग्निविर क्लर्क इत्यादि। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह भर्ती प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी, निष्पक्ष व फेयर है, जिसमें 1.6 किमी दौड़, शारीरिक मापदंड, अभिलेख सत्यापन चिकित्सीय जांच जैसे चरण शामिल हैं तथा चयन की इस प्रक्रिया में अभ्यर्थियों के कौशल, मानसिक क्षमता व शारीरिक दृणता की जांच करना शामिल है।
मेजर जनरल तिवारी ने भर्ती में शामिल हो रहे सभी युवाओं से अपील की कि वे कोई भी नकली दस्तावेज का प्रयोग व अनुचित साधन न अपनायें तथा प्रमाण पत्रों से छेड़छाड़ न करें अन्यथा पकड़े जाने पर उन्हें सेना की आगामी भर्तियों हेतु प्रतिबंधित व कानूनी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस भर्ती रैली के प्रचार प्रसार हेतु एआरओ द्वारा स्कूल, कॉलेज में प्रेरणाप्रद व्याख्यान, पंप्लेट तथा इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल व प्रिंट मीडिया का उपयोग किया गया। अन्त में उन्होंने प्रशासन व पुलिस तथा भर्ती की व्यवस्था में लगे सभी सेना व सिविल विभागों का सहयोग हेतु आभार जताया।