अजब-गजब:पांच फीट की लौकी देेखकर दंग रह गए सब,जानें कहां पर उगाया गया है इसे
अलीगढ़।उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में मंगलायतन विश्वविद्यालय के कृषि संकाय द्वारा नरेंद्र शिवानी प्रजाति की पांच फीट लंबी लौकी उगाई गई है।प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने लौकी का ऐसा बीज तैयार किया है,जिसके पैदावार से किसान अच्छा मुनाफा कमा सकते हैं।कुलपति प्रो. पीके दशोरा, प्रति कुलपति प्रो. सिद्दी विरेशम, कुलसचिव बिग्रेडियर समरवीर सिंह, परीक्षा नियंत्रक प्रो. दिनेश शर्मा ने कृषि संकाय के अध्यक्ष प्रो. प्रमोद कुमार के साथ लौकी का अवलोकन किया।
कुलपति ने लौकी की लंबाई और चौड़ाई की नाप कराई। एक लौकी की लंबाई चार फुट आठ इंच है और मोटाई लगभग नौ इंच है। लौकी की अभी और लंबाई बढ़ने की उम्मीद है।कुलपति ने बताया कि विश्वविद्यालय में यह लौकी किसानों को जागरूक करने एवं शुद्ध बीज तैयार करने के लिए उगाई जा रही है। कुलसचिव ने बताया कि विश्वविद्यालय किसानों को जागरूक करने के साथ उन्हें उन्नत किस्मों से बेहतर लाभ कमाने के लिए प्रशिक्षित करेगा।
विभागाध्यक्ष ने बताया कि इस लौकी की फसल की बुआई जुलाई में की गई थी। इस किस्म का औसत उत्पादन 700-800 कुंतल प्रति हेक्टेयर है। इसका स्वाद व पोषक तत्व दूसरी प्रजातियों के समान ही होते हैं। दिसंबर तक इसका बीज तैयार हो जाएगा।