रायबरेली-अमेठी लोकसभा सीट पर फंसा कांग्रेस का पेंच,यूपी में अटकी प्रत्याशियों की लिस्ट - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

बुधवार, 20 मार्च 2024

रायबरेली-अमेठी लोकसभा सीट पर फंसा कांग्रेस का पेंच,यूपी में अटकी प्रत्याशियों की लिस्ट

रायबरेली-अमेठी लोकसभा सीट पर फंसा कांग्रेस का पेंच,यूपी में अटकी प्रत्याशियों की लिस्ट

लखनऊ।लोकसभा चुनाव का बिगुल बीते दिनों बज चुका है।पहले चरण के चुनाव का नामांकन आज बुधवार से शुरू हो चुका है। कांग्रेस अभी उत्तर प्रदेश में प्रत्याशियों का ऐलान तक नहीं कर पाई है।इसका कारण है अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट से राहुल और प्रियंका के लड़़ने को लेकर बरकरार असमंजस है।ऐसे में यूपी के मसले पर केंद्रीय चुनाव समिति (सीईसी) के इतर मंथन चल रहा है।चर्चा है कि कांग्रेस एक साथ पूरी लिस्ट जारी करने के बजाए चरणवार कुछ नामों का ऐलान कर सकती है।

यूपी में 80 लोकसभा सीटें हैं।चुनावी नजर से यूपी बेहद अहम राज्य है।यूपी से ही दिल्ली का रास्ता जाने का दावा किया जाता है।यूपी में सात चरणों में चुनाव होगा।पहले चरण में आठ लोकसभा सीटों पर मतदान होना है।इसके लिए नामांकन आज बुधवार से शुरू हो गया है,लेकिन कांग्रेस ने अभी तक अपने प्रत्याशियों का ऐलान नहीं किया है।यहां तक कि मंगलवार को हुई सीईसी की बैठक में यूपी के मसले पर किनारा कर लिया गया है।इसके बाद अलग से वरिष्ठ नेताओं ने यूपी पर बात की,लेकिन अमेठी और रायबरेली लोकसभा सीट का पेंच अभी फंसा हुआ है।प्रत्याशियों की लिस्ट फंसी हुई है। कांग्रेस प्रवक्ता अंशु अवस्थी कहते हैं कि यूपी के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि पार्टी के नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी चुनाव रायबरेली व अमेठी से लड़ें।लिस्ट लगभग फाइनल है।उम्मीद है कि पार्टी चुनावों के चरण के लिहाज से उम्मीदवार घोषित करे।

लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश की जिन 17 सीटों पर कांग्रेस चुनाव लड़ेगी।उसमें रायबरेली, अमेठी, कानपुर नगर, फतेहपुर सीकरी, बांसगांव, सहारनपुर, प्रयागराज, महाराजगंज, वाराणसी, अमरोहा, झांसी, बुलंदशहर, गाजियाबाद, मथुरा, सीतापुर, बाराबंकी, देवरिया शामिल हैं।इन सीटों पर प्रत्याशियों का ऐलान होना है।

यूपी में पहले चरण में जिन लोकसभा सीटों पर चुनाव होने हैं, वो सभी पश्चिमी यूपी की हैं।पहले चरण में सहारनपुर, कैराना, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, नगीना, मुरादाबाद, रामपुर और पीलीभीत में मतदान होगा।इसके लिए आज से नामांकन शुरू हो गया है।नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 27 मार्च तय की गई है। 28 मार्च को नामांकन पत्रों की जांच होगी और 30 मार्च तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।

video

Pages