नगर निगम ने सरकारी भूमि से पचास साल पुराना कब्जा हटवाया
आगरा। नगर निगम ने जयपुर हाउस लोहामंडी थाने के सामने सरकारी भूमि पर पिछले पचास साल से झुग्गी झोंपड़ी बनाकर रह रहे लोगों को कार्रवाई कर वहां से हटवा दिया। इस दौरान नगर निगम प्रवर्तन दल को अच्छे खासे विरोध का सामना भी करना पड़ा।
निगम प्रशासन को शिकायत की गई थी कि कुछ लोगों ने लोहामंडी थाने के सामने खाली पड़ी सरकारी जमीन पर कब्जा कर वहां लगे जयपुर हाउस के स्तंभ को ढक दिया है। शिकायत के बाद नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल के निर्देश पर प्रभारी प्रवर्तन अतिक्रमण हटाओ दस्ते के साथ मौके पर पहुंचे। अतिक्रमणकारियों को चौबीस घंटे पूर्व ही जमीन खाली करने की चेतावनी दे दी गई थी। चेतावनी के बाद भी जब इन लोगों ने अवैध कब्जा नहीं हटाया तो निगम प्रवर्तन दल ने बुलडोजर की सहायता से वहां बनी आधा दर्जन से अधिक झुग्गियों को ध्वस्त करा दिया। इस दौरान प्रवर्तन दल को अतिक्रमणकारी महिलाओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। उनका कहना था कि उन्हें वहां रहते हुए पचास साल से भी ज्यादा हो गये हैं। इतने समय बाद उन्हें क्यों उजाड़ा जा रहा है। निगम कर्मचारियों ने उन्हें समझाने के काफी प्रयास किये लेकिन वे वहां से हटने को तैयार नहीं हुईं तो प्रवर्तन दल ने जबरन उन्हें वहां से हटा कर अवैध रुप से बनाई गयी झुग्गियों को ध्वस्त करा दिया। इसके बाद निगम का दस्ता देहली गेट पहुंचा जहां बाबू गुलाबराय मूर्ति के आसपास खड़ी ठेल धकेलों को हटवाया। चेतावनी दी गई कि यदि फुटपाथों पर पुनः कब्जा कर ठेल धकेल लगाईं तो चालान की कार्रवाई की जाएगी। शाम के समय सुभाष पार्क से लेकर मंटोला चौराहा तक सड़कों पर किये गये अवैध कब्जों को हटवाया गया।
अतिक्रमण की भेंट चढ़े गुम्मद पर लिखा है महाराजा ऑफ जयपुर
लोहामंडी थाने के समक्ष जिस जगह पर अतिक्रमण कर झुग्गी झोंपड़ियां बना ली गयीं थीं वहां अतिक्रमण हटाये जाने पर एक स्तंभ निकला है जिस पर महाराजा ऑफ जयपुर लिखा हुआ है। इसका अपना ऐतिहासिक महत्व है। बताया जाता है कि इसी के नाम पर जयपुर हाउस की भी स्थापना की गई थी।
शनिवार, 21 सितंबर 2024
Home
Unlabelled
नगर निगम ने सरकारी भूमि से पचास साल पुराना कब्जा हटवाया
