आगरा की कॉलोनियों और बाजारों में लगे लाल निशान,क्यों लगे निशान,देखें
आगरा:-नालियों पर किये गये अतिक्रमण को हटाये जाने के लिए नगर निगम द्वारा लगाये गये क्रास के लाल निशानों को लोगों ने कार्रवाई से बचने के लिए दीपावली पर पेंट आदि से पोत दिया। कार्रवाई को गयी नगर निगम की टीम को जब इस बात की जानकारी हुई तोे घरों के आगे फिर से निशान लगवाये गये। निगम की कार्रवाई से लोगों में हड़कंप मचा रहा। मामला हरीपर्वत जोन स्थित कमलानगर की यमुनोत्री कालोनी का है। अतिक्रमण हटाये जाने के लिए प्रवर्तन दल ने यहां मुनादी भी कराई है।
उत्तर प्रदेश शासन द्वारा संचालित जनसुनवाई वेबसाइट आईजीआरएस पर बलवीर सिंह ने शिकायत की थी कि कर्मयोगी एंक्लेव मंदिर के पास यमुनो़त्री कालोनी के पास वहां स्थानीय लोगों और दुकानदारों द्वारा फुटपाथ को घेरते हुए स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण कर लिए हैं। इससे यहां से आने जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतें होने के साथ जाम की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इस पर नगरायुक्त अंकित खंडेलवाल ने संबंधित विभाग को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया था। इसके बाद दीपावली से पूर्व निर्माण विभाग की ओर से अवैध निर्माणों पर कार्रवाई के लिए लाल रंग से क्रास के निशान लगा कर अतिक्रमण स्वयं हटाये जाने की चेतावनी अतिक्रमणकारियों को दी थी।
अतिक्रमण करने वालों ने भी आश्वासन दिया था कि वे लोग अवैध निर्माणों को दीपावली के त्योहार के उपरांत स्वयं हटा लेंगे। दीपावली के बाद नगर निगम प्रवर्तन दल की टीम जब क्षेत्र में पहुंची तो लाल रंग के निशान वहां से गायब थे। जानकारी पर पता चला कि लोगों ने कार्रवाई से बचने के लिए लाल निशानों को पेंट आदि से पोत दिया है। इस पर पुनः निषान लगाकर अतिक्रमण कारियों को 24 घंटे में अतिक्रमण हटाये जाने की चेतावनी दी गयी हैै