मंडलायुक्त ने आगरा मण्डल में पीडब्लूडी, एनएचएआई, पीएमजीएसवाई और राष्ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न मार्गों के निर्माण कार्य की समीक्षा की
बैठक से गैरहाजिर रहने पर पीएमजीएसवाई के संबंधित अधीक्षण अभियंता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के दिये निर्देश
आगरा:- आगरा मण्डल में एनएचएआई, राष्ट्रीय राजमार्ग, पीडब्लूडी और पीएमजीएसवाई द्वारा किए जा रहे मार्गों के निर्माण कार्यों की समीक्षा हेतु मण्डलायुक्त शैलेन्द्र कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक से पीएमजीएसवाई के संबंधित अधीक्षण अभियंता के गैरहाजिर रहने पर मण्डलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की एवं उन्हें कारण बताओ नोटिस भेजने के निर्देश दिए।
समीक्षा बैठक में मण्डलायुक्त को अवगत कराया गया कि आगरा मण्डल में कुल 36 मार्गों का निर्माण कार्य प्रस्तावित था जिसमें फिरोजाबाद जिले में 4 मार्गों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है जबकि आगरा में एक मार्ग खेरागढ़-सैंया रोड़ से बेंसन को छोड़कर शेष मार्गों का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। निर्देश दिए गये कि शेष मार्ग का निर्माण कार्य ससमय पूर्ण कराया जाए। मथुरा में 12 में से 11 कार्य अपूर्ण है। ग्रामीणों द्वारा व्यवधान डालने एवं आकस्मिक बाधाओं के कारण कार्य प्रगति पर रोक लगी हुई है।
एनएचएआई अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि आगरा में दो और मथुरा में एक मुख्य मार्गों का निर्माण कार्य लगभग 70 से 90 प्रतिशत तक हो चुका है। काश्तकारों द्वारा मुआवजा व भुगतान आदि को लेकर अड़चन पैदा की जा रही है जिससे कार्य प्रगति न के बराबर है। महोदय ने निर्देश दिए कि आगरा मण्डल के जिस भी जनपदों में काश्तकारों, ग्रामीण या अन्य समस्याओं की वजह से कार्य में अवरोध पैदा हो रहा है। उन जिलों के जिलाधिकारियों के साथ पृथक से बैठक कर समस्याओं का समाधान निकालते हुए कार्य प्रगति पर लाया जाए। इसके अलावा शिल्पग्राम में प्रस्तावित यूनिटी माॅल को लेकर अधिकारियों द्वारा समस्या रखी गयी कि भूमि चिन्हित न हो पाने पर निर्माण कार्य शुरू करने में देरी हो रही है जिस पर महोदय ने संयुक्त आयुक्त उद्योग से वार्ता कर समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।
बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त उमेशमणि त्रिपाठी, मुख्य अभियंता पीडब्लूडी एन के यादव , एनएचएआई से देवदत्त , पीडब्लूडी के अधिशासी अभियंता आदि मौजूद रहे।
.................