आगरा। होली के दिन फतेहपुर सीकरी में दो पक्षों में झगड़ा हो गया। आरोप है कि एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को राइफल दिखा दी। बाद में सूचना पर कार्रवाई के लिए पहुंची पुलिस ने तनाव को और बढ़ा दिया। पुलिस के तांडव का वीडियो वायरल हो रहा है उसमें पुलिसकर्मी महिलाओं, बुजुर्गों बच्चों से अभद्रता करते हुए नजर आ रहे हैं। इसके साथ ही अंधाधुंध लाठियां बरसाते हुए भी।
मोहल्ला गंज में दो पक्षों में होली पर किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। झगड़े के बाद मामला पुलिस ने और तनावपूर्ण बना दिया है। 45 सेकंड का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में दिख रहा है। पुलिस घर में घुसकर दुर्व्यवहार कर रही है। गालियां देते हुए जो सामने पड़ रहा है उसी पर लाठियां बरसा रही है। महिलाएं जोरों से चीख रही हैं। इसके बावजूद पुलिस का कठोर रवैया बना हुआ है। पीड़ित परिवार वीडियो में बोल रहा है कि मामूली विवाद था। पुलिस ने बिना बात सुने घर में घुसकर गाली-गलौज की। मारपीट की। राइफल भी ले गई है। पुलिस के तांडव के बाद पीड़ित परिवार काफी डरा हुआ है। इधर मामले में एसीपी अछनेरा गौरव सिंह कहना है कि दो पक्षों में झगड़ा हुआ था। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष को राइफल से डराया था। पुलिस जब कार्रवाई के लिए गई तो दरोगा को पकड़ लिया गया। पुलिस पर जो आरोप लगाए गए हैं वह वेबुनियाद हैं।