15 अप्रैल से 31 मई 2025 तक संचालित होगा भूसा दान अभियान, भूसा दानदाताओं को किया जायेगा सम्मानित।
कृषकों/समाजसेवियों/स्वयंसेवी संस्थाओं/व्यापार मण्डल एवं पशु प्रेमियों तथा व्यापार मण्डल उद्यमी भी कर सकते हैं भूसा दान।
जनपद में निराश्रित गोवंश आश्रय स्थल के लिये दान एवं क्रय के माध्यम से भूसा संग्रह कर बनाया जायेगा भूसा बैंक।
गो-आश्रय स्थलों पर ही भूसा बैंक बनाकर किया जायेगा भूसा संग्रहण।
ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान के नेतृत्व में बनाई जायेगी समिति, जो ग्राम सभा में भ्रमण कर भूसा दान हेतु जनसामान्य को करेगी प्रेरित।
आगरा:-जिलाधिकारी अरविन्द मल्लप्पा बंगारी ने अवगत कराया है कि जनपद में प्रस्तावित दान एवं क्रय द्वारा भूसा संग्रहण अभियान (दिनांक 15.04.2025 से 31.05.2025 तक) जनपद आगरा हेतु वर्ष पर्यन्त भूसे की आवश्यकता लगभग 195946.60 कुन्तल का ऑकलन करते हुये उक्त अभियान के दौरान भूसा संग्रहण का लक्ष्य 117567.96 कुन्तल (दान के माध्यम से 35270.39 कुन्तल एवं क्रय के माध्यम से 82297.57 कुन्तल) निर्धारित किया गया है। उन्होंने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि निराश्रित गोवंश आश्रय स्थलों में संरक्षित गोवंश के भरण-पोषण हेतु अधिकाधिक मात्रा में भूसा दान के माध्यम से संग्रहीत कर भूसा बैंक बनाते हुये वर्ष पर्यन्त भूसे की निर्वाध रूप से उपलब्धता सुनिश्चित किये जाने हेतु निम्नानुसार कार्यवाही की जायेगी, जिसमें जनपद में कृषकों/समाजसेवियों/स्वयंसेवी संस्थाओं/व्यापार मण्डल एवं पशु प्रेमियों आदि से अधिकाधिक मात्रा में दान के माध्यम से भूसा प्राप्त कर भण्डारण किया जायेगा। स्थानीय स्तर पर व्यापार मण्डल उद्यमियों एवं समाज सेवियों से भी सम्पर्क कर उन्हें गोवंश के लिये भूसादान हेतु प्रेरित करने तथा गो-आश्रय स्थलों पर भूसा बैंक बनाकर भूसा संग्रहण किया जायेगा। बड़े दानदाताओं से भूसा दान प्राप्त करने हेतु उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं खण्ड विकास अधिकारी स्वयं किसानों से सम्पर्क कर भूसा दान में प्राप्त करेंगे और इस हेतु दानदाताओं को सम्मानित किया जायेगा। उन्होंने आगे यह भी बताया है कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में ग्राम प्रधान के नेतृत्व में एक समिति बनाई जायेगी, जिसमें ग्राम पंचायत सचिव, लेखपाल एवं अन्य सम्बन्धित कार्मिक सम्मिलित होकर समिति द्वारा ट्रैक्टर अथवा अन्य माल वाहक वाहन के साथ ग्राम सभा में भ्रमण कर भूसा दान में प्राप्त कर संग्रहीत करते हुये अधिकाधिक दान देने हेतु जनसामान्य को प्रेरित भी किया जायेगा। इस हेतु सम्बन्धित राजस्व निरीक्षक को क्षेत्र का प्रभारी अधिकारी नामित किया जायेगा, यह अभियान दिनांक 15 अप्रैल से 31 मई 2025 तक चलाया जायेगा।
जिलाधिकारी महोदय ने आगे यह भी अवगत कराया है कि पंचायत स्तर पर ही भूसे का संग्रहण किया जायेगा, इससे जहाँ एक ओर सस्ती दरों पर भूसा प्राप्त हो सकेगा, वही दूसरी ओर परिवहन व्यय भी बचेगा। इस हेतु एसं०एफ०सी० पूलिंग तथा उ०प्र० गो संरक्षण एवं संवर्धन कोष में उपलब्ध धनराशि का भी उपयोग किया जायेगा। भूसे के संग्रहण हेतु गो आश्रय स्थल पर ही स्थानीय प्रचलित विधियों यथा खरही, खोप, भक्कू आदि बनाकर दीर्घकालिक आवश्यकता के अनुरूप भूसा संग्राहित कर भूसा बैंक स्थापित किया जायेगा। उन्होंने आगे यह भी अवगत कराया है कि गेहूँ कटाई के दौरान भूसे की सुलभ उपलब्धता के दृष्टिगत दान एवं क्रय के माध्यम से भूसा बैंक स्थापित कर गौशालाओं हेतु भूसा भण्डारण सुनिश्चित किये जाने शासनादेशानुसार जेम पोर्टल पर उपलब्धता न होने की अपरिहार्य दशा में ई टेण्डर के माध्यम से दर अनुबन्ध कर भूसे का क्रय किया जायेगा।
---------------------