आगरा। राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के आवास पर हुए हमले के मामले में सपा ने ईद के बाद प्रदेश स्तर पर आंदोलन का ऐलान किया था। यह देखते हुए पुलिस के द्वारा समाजवादी पार्टी के पदाधिकारी और नेताओं को नोटिस देना शुरू कर दिए गए हैं। नोटिस के माध्यम से उन्हें चेतावनी दी जा रही है वह किसी तरीके का कोई आंदोलन न करें।
सपा के राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन के द्वारा राणा सांगा को लेकर दिए गए बयान पर आक्रोशित होकर करणी सेना ने 26 मार्च को सांसद के आवास पर प्रदर्शन किया था। मौके पर पथराव भी हुआ था। कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हुई थीं। इसके बाद सपा के राष्ट्रीय प्रमुख महासचिव प्रोफेसर रामगोपाल यादव व राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने ईद के बाद प्रदेश में आंदोलन का एलान किया था। ईद बीतने के बाद सपा के विरोध प्रदर्शन को लेकर पुलिस अफसर सतर्क हैं।जिले के सभी थानों से सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।