आगरा। उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा तपते शहरों में आगरा एक बार फिर टॉप पर पहुंच चुका है। सोमवार को प्रदेश में आगरा और झांसी सबसे ज्यादा गर्म रहे। आगरा की बात करें तो पिछले 10 साल का रिकॉर्ड टूट गया है। सोमवार को अधिकतम तापमान जहां 45.9 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस हो गया। गर्मी में लोग परेशान हो गए।
भीषण गर्मी का असर पूरे शहर में साफ देखा जा सकता है। सड़कों पर वाहन कम नजर आ रहे हैं, बाजारों में ग्राहक गिने-चुने दिख रहे हैं। ताजमहल सहित आगरा के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी गर्मी का सीधा असर पड़ा है। आम दिनों की तुलना में पर्यटकों की संख्या में कमी दर्ज की गई है। जो पर्यटक पहुंच भी रहे हैं। वह सूरज के तेवर ढलने के बाद यानी सुबह जल्दी या देर शाम स्मारकों का रुख कर रहे हैं। पशु-पक्षियों पर भी गर्मी का असर साफ नजर आने लगा है। पानी और छांव की तलाश में भटकते बेजुबान जीव सड़कों के सहारे नालियों में पानी पीते दिखे हैं। बढ़ती गर्मी का असर सरकारी दफ्तरों में भी देखा जा रहा है। जरूरी कामों के लिए आने वाले लोग जल्द से जल्द प्रक्रिया निपटाकर लौटने की कोशिश में हैं, वहीं कर्मचारी भी गर्मी के चलते परेशान हैं।