आगरा में दर्दनाक हादसा: निर्माणाधीन मकान की छत गिरने से 12 वर्षीय किशोर की मौत, दो मजदूर घायल
आगरा के बाह थाना क्षेत्र के गांव बृसंगपुरा में सोमवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। निर्माणाधीन मकान की छत अचानक भरभराकर गिर पड़ी, जिससे छत पर मौजूद दो मजदूर और एक 12 वर्षीय किशोर नीचे गिरकर मलबे में दब गए। इस हादसे में किशोर की मौत हो गई, जबकि दोनों मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक किशोर की पहचान अर्पित पुत्र धर्मेंद्र के रूप में हुई है, जो गांव का ही रहने वाला था। उसके पिता भारतीय सेना में हैं और वर्तमान में अयोध्या में तैनात हैं। बेटे की अचानक हुई मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
घायल मजदूरों की पहचान अलिम पुत्र इमाम और आरिफ पुत्र समसुद्दीन के रूप में हुई है, जो बृसंगपुरा के ही रहने वाले हैं। दोनों का अस्पताल में उपचार जारी है।