आगरा में मिलावटी खोया जब्त, 2.37 लाख रुपये का खोया नष्ट
आगरा में होली से पहले प्रशासन ने भारी मात्रा में मिलावटी खोया जब्त किया है। विशेष जांच अभियान में राजस्थान से आ रहा 1320 किलो मिलावटी खोया एफएसडीए की टीम ने पकड़ा। करीब 2.37 लाख रुपये का इस मिलावटी खोया को जेसीबी से गड्डा खोदकर उसमें दबवाकर नष्ट कराया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की विशेष कार्यवाही में राजस्थान से खपाने लाया जा रहा 13 क्विंटल खोया मोबाइल लैब टेस्ट में फेल हुआ है। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा शनिवार सुबह करीब 8 बजे बरौली अहीर, शमशाबाद रोड, आगरा पर वाहन संख्या यूपी 83 डीटी 1441 बोलेरो पिकअप को रोका गया। वाहन में कुल 1320 किलोग्राम खोया (प्रति डलिया 60 किलोग्राम) पाया गया, जो 22 डलियों में रखा था जिसे आगरा खोया मंडी में विक्रय हेतु लाया जा रहा था।