मलपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चोरी के ऑटो सहित 3 गिरफ्तार
आगरा मलपुरा पुलिस ने चोरी के एक ऑटो सहित तीन अभियुक्तों को 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया है। ये आरोपी ऑटो बुक करके उसे चोरी करने की घटनाओं को अंजाम देते थे।
थाना मलपुरा प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि मामले से संबंधित तीनों अभियुक्त सिरौली रोड, नई कॉलोनी में देखे गए हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस ने सिरौली रोड, नई कॉलोनी से सूरज, विक्की और नीरज को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों के कब्जे से एक इलेक्ट्रिक ऑटो, एक मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड और एक ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया गया है। ये सभी सामान चोरी का बताया गया है।
पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि 11 फरवरी, 2026 की रात करीब 9 बजे उन्होंने खेरिया मोड़ से नगला प्रताप जाने के लिए एक ऑटो बुक किया था। मलपुरा चौराहे से ग्राम नगला प्रताप जाने वाली नहर रोड के पास जब ऑटो चालक पेशाब करने उतरा, तो तीनों ने मिलकर ऑटो और उसमें रखा सामान चोरी कर लिया।