दहेज लोभियों की भेंट चढ़ी 8 माह की गर्भवती,चार भाइयों की लाडली बहन का मर्डर कर फांसी पर लटकाया,8 पर केस दर्ज
जनपद आगरा मुनीष अल्वी:- जिले के थाना खंदौली क्षेत्र में दिल दहलाने वाली वारदात हुई है। दहेज के लोभी ससुराल वालों ने नवविवाहिता की पीट पीटकर कर हत्या कर घर के कमरे में फांसी के फंदे पर लटका दिया। मृतक महिला 8 माह की गर्भवती थी। घर में लटकी हुई लाश मिलने के बाद पुलिस ने 8 के खिलाफ केस दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।
आगरा के खंदौली कस्बा क्षेत्र के पेतखेड़ा रोड सोना टैंट हाउस पर दहेज लोभी ससुराल वालों ने आठ माह की गर्भवती विवाहिता को मौत के घाट उतार दिया। आरोप है कि हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए उसकी लाश को चमड़े की बेल्ट का फंदा बनाकर पंखा के कुंदा पर लटका दिया। सूचना मिलते ही पुलिस और मायके वाले मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बशीर शाह निवासी शाह नगर नाई की सराय थाना खंदौली ने अपनी पुत्री शबनम की शादी करीब डेढ़ साल पहले खंदौली के भूड़ नगरीया, वर्तमान में पेतखेड़ा रोड निवासी छोटे खान के पुत्र सलमान से की थी।शादी में करीब 18 लाख रुपए खर्च किए थे ,दहेज में एक ट्रैक्टर भी दिया था लेकिन फिर भी दहेज के भूखे भेड़िया सन्तुष्ट नहीं थे। मृतका के भाई जकील अहमद ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही शबनम को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था और अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर आए दिन मारपीट होती थी।कई बार समझा बुझाकर राजीनामा भी करा दिया था लेकिन ससुरालीजन अपनी आदतों से बाज नहीं आए ।
जकील अहमद के मुताबिक 7 फरवरी को शबनम ने फोन कर परिजनों को बताया था कि ससुराल पक्ष उसके साथ मारपीट कर रहा है,आप आ जाओ मायके पक्ष के लोग गए और 112 पुलिस के माध्यम से राजीनामा कराकर बापस आ गए। इसके बाद 8 फरवरी रविवार की रात करीब दस बजे पति सलमान, ससुर छोटे खान, सास मीना बेगम, चचिया ससुर फिरोज, जेठ राजीव,जिठानी साईना तथा ननद रजिया व रजनी ने मिलकर शबनम के साथ मारपीट की और उसकी हत्या कर दी। आरोप है कि घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखे से लटका दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।थाना प्रभारी ने बताया कि मृतका के भाई जमील की तहरीर पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।आगे कार्यवाही की जा रही है ।
लाडली बहन की मौत का सुन उड़े होश
शबनम 4 भाइयों के बीच में इकलौती बहन थी सभी भाइयों के बीच बहुत ही लाडली थी सभी भाई उसके बहन नहीं अपना पांचवा भाई मानते थे ।बचपन में शबनम का बहुत ही ध्यान रखा और परिजनों ने खूब प्यार दिया किसी बात की कमी शबनम को महसूस नहीं होने दी ।चार भाइयों के बीच इकलौती बहन शबनम पढ़ाई में भी बहुत अव्वल थी अच्छे नम्बरों से इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी ।शाह नगर में शबनम के दो भाई रहते हैं जो भैसों का दूध बेचकर अपना जीवन यापन कर रहे हैं ।शबनम यहां रहती थी उसका सीधापन सबको पसन्द था ।मोहल्ला वाले भी शबनम को बहुत प्यार करते थे ।शबनम की शादी चारों भाइयों अपनी हैसियत से ज्यादा बहुत ही खुशी से की थी ।लेकिन शादी के बाद शबनम के जीवन में बड़ा बदलाव आया ।ससुरालीजनों के पति के उत्पीड़न से शबनम बहुत परेशान रहती थी ।उसके साथ ससुराल में बहुत अत्याचार होते थे लेकिन सबकुछ अपना नसीब समझकर सह रही थी ।वर्तमान में शबनम 8 माह की गर्भवती भी थी ।लेकिन ससुरालीजनों ने शबनम की हत्या कर फंदे पर लटका दिया उसकी मौत की खबर सुनकर सबके होश उड़ गए परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है ।
सख्त सजा के साथ घर पर चले बुलडोजर
भाई जकील अहमद ने बताया कि मायके से ले जाने के बाद बहनोई सलमान ने शबनम से अतिरिक्त दहेज की मांग की थी और एक बाइक मांग रहा था लेकिन हमने यह सब देने के लिए बोल दिया था उसके बाद भी उन्होंने शबनम पर जुल्म करना नहीं छोड़ा।पीड़ित ने बताया कि शबनम के ससुराल वालों ने मिलकर हत्या कर फांसी पर लटका दिया है । वारदात में पति सलमान,सास मीना बेगम,ससुर छोटे खां, चचिया ससुर फिरोज,जेठ राजीव,जिठानी साइना,ननद रजिया रजनी और अन्य लोग शामिल हैं। हमारी शासन-प्रशासन से मांग है कि हमको न्याय मिले और आरोपियों को सख्त सजा दी जाए और उनका घर गिराया जाए।