जिला विज्ञान क्लब द्वारा स्वच्छ पर्यावरण एवं स्वस्थ जीवन पर वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम संपन्न
आगरा:- विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद ,उत्तर प्रदेश शासन, लखनऊ के तत्वाधान में जिला विज्ञान क्लब ,आगरा के अध्यक्ष जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी, मुख्य विकास अधिकारी प्रतिभा सिंह ,जिला विद्यालय निरीक्षक, आगरा चंद्रशेखर के निर्देशन में सेंट जॉन्स गर्ल्स इंटर कॉलेज,आगरा में जनपद स्तरीय स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन के प्रति वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉरकस मेरी डेनियल व जिला समन्वयक डॉ.निखिल जैन के संयोजन में किया गया । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शरद चौहान पार्षद नगर क्षेत्र ,आगरा व विशेषज्ञ के रूप में डॉ.राजेश परमार (भूवैज्ञानिक), डॉ.अजीत सिंह व दिनेश गुप्ता योग एंड वेलफेयर सेंटर से उपस्थित रहे जिन्होंने कार्यक्रम का प्रारंभ बच्चों को स्वस्थ जीवन शैली हेतु उचित दिनचर्या व खानपान पर व्याख्यान से किया। कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों से आए लगभग 270 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया और कई प्रतियोगिताओं जैसे पोस्टर, स्लोगन ,नाटक व मॉडल प्रतियोगिता में प्रतिभाग कर अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन दिया । पोस्टर प्रतियोगिता में लगभग 142 विद्यार्थियों ने जबकि स्लोगन प्रतियोगिता में 80,मॉडल प्रतियोगिता में 28 और नाटक प्रतियोगिता में 20 विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। सभी अतिथियों ने सभी बाल वैज्ञानिकों के पोस्टर, स्लोगन, नाटक व मॉडल का अवलोकन किया एवं उनके कार्यों की प्रशंसा करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। विद्यार्थियों ने अपने पोस्टर के माध्यम से बताया कि भोजन में सभी पोषक तत्व कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन, वसा, विटामिन और खनिज युक्त पदार्थ का होना आवश्यक है ,साथ ही स्वस्थ शरीर एवं मस्तिष्क के लिए संतुलित भोजन आवश्यक है । स्लोगन के माध्यम से विद्यार्थियों ने फास्ट फूड से बचने का संदेश भी दिया । डॉ.राजेश पराशर ने बताया कि आज हम कैसे घरेलू उपाय और उचित खानपान की सहायता से बालों की झड़ने की समस्या को दूर कर सकते हैं जो आज एक बड़ी समस्या बन चुकी है । योग एंड वेलफेयर सेंटर से आए अतिथियों ने योग के महत्व पर छात्र-छात्राओं को समझाया व इसे प्रदूषण युक्त वातावरण में स्वस्थ जीवन शैली हेतु अपने दैनिक जीवन में शामिल करने का निवेदन किया। मॉडल प्रदर्शनी में प्राथमिक स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता मॉडल, रेन हार्वेस्टिंग मॉडल ,फूड पिरामिड माडल, योग मॉडल ,हेल्दी वर्सिज अनहेल्दी फूड मॉडल ,इको फ्रेंडली उत्पाद आदि मुख्य आकर्षण का केंद्र रहे । सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को जिला विज्ञान क्लब, आगरा द्वारा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया । साथ ही प्रत्येक प्रतियोगिता में चयनित विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र के साथ-साथ पुरस्कृत भी किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में चंचल शाक्य सेंट जॉन्स गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा ने प्रथम स्थान ,कनिका सेंट विंसेंट उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा ने द्वितीय स्थान और ईरम फातिमा श्री केदारनाथ सेक्सरिया आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया । स्लोगन प्रतियोगिता में सेंट विंसेंट उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा सुमन, श्री केदारनाथ सेक्सरिया आर्य कन्या इंटर कॉलेज की छात्रा मोहिनी व सेंट जॉन गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा श्वेता कुशवाह तृतीय स्थान पर रही। मॉडल प्रतियोगिता में राजकीय हाईस्कूल बलहेरा के छात्र कुणाल ने प्रथम स्थान ,सेंट विंसेंट उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्रा सेहरीश द्वितीय स्थान पर व सागीर फातिमा मोहम्मद गर्ल्स इंटर कॉलेज की छात्रा जारा अली ने तृतीय स्थान प्राप्त किया ।नाटक प्रतियोगिता में सेंट विंसेंट कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने प्रथम स्थान व राजकीय हाईस्कूल गंगरौआ के छात्र-छात्राओं ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया । अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए छात्र-छात्राओं के उज्जवल भविष्य की कामना की और साथ ही भविष्य में ऐसे कार्यक्रम होने की आशा जताई जो आज समय की मांग है क्योंकि स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ जीवन एक दूसरे के पूरक हैं। कार्यक्रम का संचालन अनु वर्मा ने किया। कार्यक्रम में अर्चना यादव, नेहा अग्रवाल, सबा, प्रीति कुमारी, अनु, शीतल, दीपेश कुमारी आदि उपस्थित रहीं।
.............