विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने विधानसभा में उठाई आगरा की मांगें - समाचार RIGHT

BREAKING NEWS

शनिवार, 14 फ़रवरी 2026

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने विधानसभा में उठाई आगरा की मांगें

विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने विधानसभा में उठाई आगरा की मांगें

आगरा:- उत्तर प्रदेश विधान सभा के बजट सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान आगरा उत्तर से विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने आगरा की कई मांगें उठाईं। उन्होंने आगरा में बैराज, स्टेडियम की मांग उठाई और उद्योगों के विद्युत कनेक्शन पर लगी रोक को हटवाने के लिए सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी पैरवी की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया।

विधायक खंडेलवाल ने कहा कि आगरा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को शिखर पर पहुंचाने में अहम योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में बीते नौ वर्षों में सरकार ने गांव, गरीब, किसान, व्यापारी, युवा और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस काम किया है, जिसके कारण उत्तर प्रदेश आज नई ऊंचाइयों को छू रहा है।

उन्होंने बताया कि आगरा का जूता उद्योग देश में उत्पादित कुल जूतों का लगभग 65 प्रतिशत योगदान देता है। पेठा उद्योग के साथ-साथ अब आगरा चांदी, घुंघरू और ब्रश उद्योग का भी बड़ा केंद्र बनता जा रहा है। रेडीमेड कपड़ों का बड़े पैमाने पर उत्पादन शहर की आर्थिक ताकत को और मजबूत कर रहा है।

विधायक ने उच्च शिक्षा मंत्री द्वारा आगरा कॉलेज में महाराजा अग्रसेन पीठ की स्थापना कराए के निर्णय का स्वागत करते हुए इसे शैक्षिक विकास की दिशा में अहम कदम बताया। साथ ही उन्होंने बल्केश्वर घाट के पुनरुद्धार कार्य शुरू होने पर सरकार का आभार जताया और मांग की कि एक हजार वर्ष पुराने आनंदी भैरव मंदिर पर भी यमुना घाट का निर्माण कराया जाए, जिससे दयालबाग और सिकंदरा क्षेत्र के लोगों को सुविधा मिल सके।

उन्होंने यह भी मांग उठाई कि आगरा शहर की सीमा में कैलाश मंदिर से ताजमहल तक यमुना नदी में सालभर पर्याप्त जल बना रहे। इसके लिए चेकडैम या बैराज का निर्माण आवश्यक है। ऐसा होने पर आगरा आने वाले पर्यटकों को बनारस की गंगा आरती की तर्ज पर यमुना आरती देखने का अवसर मिलेगा।

विधायक ने ताजमहल के कारण आगरा में एलएमवी-6 विद्युत कनेक्शन बंद किए जाने का मुद्दा भी उठाया और कहा कि फाउंड्री उद्योग पहले ही प्रभावित हो चुका है। सरकार को चाहिए कि सुप्रीम कोर्ट में प्रभावी पैरवी कर इन बाधाओं को समाप्त कराए। साथ ही उन्होंने आगरा जैसे अंतरराष्ट्रीय पर्यटन शहर में एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम के निर्माण की आवश्यकता बताई, जिससे खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहन और शहर को नया पहचान मिले।

video

Pages